भारत का वोट इजरायल के खिलाफ, संयुक्त राष्ट्र में फिलिस्तीन के पक्ष में किया मतदान, रूस और चीन भी साथ

By: Nov 15th, 2026 12:06 am

एजेंसियां— न्यूयार्क

भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में एक प्रस्ताव पर इजरायल के खिलाफ जाकर फिलिस्तीन के पक्ष में मतदान दिया है। इस प्रस्ताव में पूर्वी यरूशलम और सीरिया के कब्जे वाले गोलान हाइट्स समेत फिलिस्तीनी क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों पर संप्रभुता की मांग की गई है। इसमें मांग की गई है कि इजरायल इन संसाधनों का दोहन और उन्हें नुकसान पहुंचाना बंद करे। यह प्रस्ताव उरुग्वे ने पेश किया था। संयुक्त राष्ट्र महासभा में वोटिंग के दौरान इस प्रस्ताव को भारी समर्थन मिला। भारत, रूस और चीन समेत 151 देशों ने इसके पक्ष में वोट दिया, जबकि विरोध में केवल सात वोट पड़े।

अमरीका और इजरायल ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था। इस प्रस्ताव का शीर्षक है-कब्जे वाले फिलिस्तीनी क्षेत्र, जिसमें पूर्वी यरूशलम भी शामिल है, में फिलिस्तीनी लोगों का और कब्जे वाले सीरियाई गोलान में अरब आबादी का अपने प्राकृतिक संसाधनों पर स्थायी संप्रभुता का अधिकार। प्रस्ताव में फिलिस्तीनी लोगों और कब्जे वाले सीरियाई गोलान आबादी के अपने प्राकृतिक संसाधनों पर उनके अटूट अधिकार की पुष्टि की गई। इन प्रस्ताव मांग करता है कि इजरायल पूर्वी यरूशलम समेत कब्जे वाले फिलिस्तीनी क्षेत्रों और कब्जे वाले सीरियाई गोलान में प्राकृतिक संसाधनों के शोषण, उन्हें नुकसान पहुंचाने, उनके खत्म होने या कम होने की वजह बनने और उन्हें खतरे में डालने की गतिविधियां बंद करे।

गाजा में मदद का समर्थन

गुरुवार को एक अन्य कार्यक्रम में भारत ने गाजा में मानवीय सहायता की मांग का समर्थन किया। जॉर्डन, कतर और ब्रिटेन के नेतृत्व वाले मीडिया कार्यक्रम में भारत अन्य 50 देशों के साथ शामिल हुआ। इसमें गाजा में मानवीय पहुंच और स्वास्थ्य से जुड़े कॉल-टू-एक्शन का समर्थन किया गया। भारत ने जोर देकर कहा कि गाजा में संकट झेल रहे नागरिकों, खासककर महिलाओं और बच्चों तक सुरक्षित, लगातार और बिना किसी रुकावट के मानवीय सहायता पहुंचना बहुत जरूरी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App