शूटिंग चैंपियनशिप में भारत की बेटियों ने जीता गोल्ड, ईशा सिंह-मनु भाकर के शानदार प्रदर्शन से मिला मेडल
एजेंसियां— दोहा
भारत की स्टार पिस्टल निशानेबाज और एशियाई खेलों में कई पदक जीत चुकीं ईशा सिंह ने मंगलवार को यहां आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला टीम को 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक दिलाया। ईशा ने दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के साथ व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह पक्की कर ली है। ईशा ने दो दिन तक चली क्वालिफिकेशन स्पर्धा में 590 अंकों के साथ भारतीय तिकड़ी में शीर्ष स्थान हासिल किया। मनु भाकर के 587 और दिव्या सुब्बाराजू के 584 अंकों की बदौलत भारतीय टीम ने कुल 1761 अंक जुटाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
दक्षिण कोरिया ने 1748 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि वियतनाम की टीम 1745 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल करने में सफल रही। व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीतने वाले तीनों निशानेबाजों के देशों को लॉस एंजेल्स ओलंपिक का कोटा मिलेगा। ऐसे में अगर ईशा और मनु दोनों पोडियम पर जगह बनाने में सफल रहती हैं, तो भारत को दो और ओलंपिक कोटा मिल सकते हैं। इससे पहले जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत के लिए लॉस एंजिलिस ओलंपिक का पहला कोटा हासिल किया था। वह इस विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले पहले निशानेबाज बने।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
