स्कूली बच्चों को बताए बाल सुरक्षा के अधिकार

By: Nov 5th, 2026 12:55 am

थल्ली और भराड़ा स्कूल में बाल सुरक्षा का पढ़ाया पाठ, करियर गाइडेंस की भी दी जानकारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की ओर से चुराह उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थल्ली और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भराड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, सुरक्षा और उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के जिला समन्वयक कपिल शर्मा और केस वर्कर चैन सिंह ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बाल मजदूरी और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। इस दौरान सोशल मीडिया के लाभ और नुकसान, गुड टच-बैड टच तथा पॉक्सो अधिनियम-2012 के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई। बच्चों, अभिभावकों, अध्यापकों, अन्य हितधारकों और पुलिस की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होने वाली ब्लैकमेलिंग के प्रति भी सचेत किया गया। इसके अलावा बच्चों को स्वच्छता और पोषण के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में चरित्र निर्माण, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के साथ करियर मार्गदर्शन पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने अध्यापकों से आग्रह किया कि वे समय-समय पर विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी देते रहें, ताकि बच्चे अपनी क्षमताओं के अनुरूप भविष्य का लक्ष्य निर्धारित कर सकें। कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थल्ली के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार प्रजापति, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भराड़ा के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नर सिंह सहित अध्यापक-अध्यापिकाओं में ज्ञान चंद, संजय कुमार, योग राज, तिलक राज, आबिद अली, प्रमोद कुमार, विप्लव, जनम सिंह, ललित, कमला, गीता देवी, कुष्मांजलि, रितु कुमारी, देवी सिंह, प्रेम सिंह, मुकेश कुमार, ओमप्रकाश, सद्दाम हुसैन, विक्रम ठाकुर, लोभी राम, सीता देवी और सोनालिका उपस्थित रहे। कार्यक्रम में चार गैर-शिक्षक कर्मचारियों सहित करीब 656 बच्चों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App