फसलों की सिंचाई ने तोड़ी किसानों की कमर, सारा दिन मेहनत कर रहे किसान
स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
जिला ऊना में लंबे समय से बारिश न होने के कारण किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सूखे मौसम के बीच गेहूं की फसल को बचाने के लिए किसानों को सुबह से शाम तक खेतों में पसीना बहाना पड़ रहा है। विशेषकर गैर सिंचित क्षेत्रों में खेती करने वाले किसानों के लिए बारिश न होना बड़ी चिंता का विषय बन गया है। इन क्षेत्रों में गेहूं की फसल पूरी तरह बारिश पर निर्भर रहती है। ऐसे में समय पर बारिश न होने से किसानों को खेतों में नमी बनाए रखने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही है। जिन किसानों के पास सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है, वे किसी तरह पानी का प्रबंध कर फसल को बचाने में जुटे हैं, जबकि गैर सिंचित क्षेत्रों के किसानों की निगाहें आसमान पर टिकी हुई हैं।कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिला ऊना में प्रत्येक वर्ष करीब 35,514 हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की खेती की जाती है। इससे किसानों को लगभग 80 हजार मीट्रिक टन गेहूं की पैदावार होती है। इसके अलावा करीब आठ लाख क्विंटल पशुचारा (तूड़ी) भी प्राप्त होता है।
नुकसान के आसार
कृषि उपनिदेशक प्रेम चंद ठाकुर ने कहा कि जिला ऊना में अगर जल्द बारिश नहीं होती है तो गैर सिंचित क्षेत्रों में जमींदारों को नुकसान होने के आसार बने हुईहै। उन्होंने कहा कि जिला ऊना में कृषि कारोबार के लिए बारिश होना अत्यंत आवश्यक है। ताकि किसानों को सूखे से राहत मिल सके।
चेहरे पर चिंता
लगातार सूखे मौसम के कारण किसानों को इस बार गेहूं की फसल पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ सकता है। पहले ही बीज, खाद और कृषि कार्यों पर होने वाले खर्च से किसान परेशान हैं। अब सिंचाई के लिए अतिरिक्त मेहनत और संसाधन जुटाने पड़ रहे हैं। बारिश होना बहुत ही जरूरी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

