सेना के खिलाफ टिप्पणी पर भाजपा का प्रदर्शन, जगत सिंह नेगी की मांगी बर्खास्तगी
नरेन कुमार—तपोवन (धर्मशाला)
भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की कथित टिप्पणी पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा में सियासी घमासान तेज हो गया है। शुक्रवार को भाजपा विधायक दल ने हाथों में तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर में मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से जगत सिंह नेगी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई। मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि सेना और जवानों को लेकर मंत्री की कथित टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
इससे देशभर के सैन्य अधिकारियों और जवानों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने विधानसभा में इस मामले को उठाते हुए विवादित टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाने का आग्रह किया था। उस समय रिकॉर्ड की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन विपक्ष के अनुसार विवादित टिप्पणी अब भी कार्यवाही में दर्ज है। मंत्री ने न तो सदन में माफी मांगी और न ही टिप्पणी को हटाया गया।जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर मंत्री को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब मामला केवल टिप्पणी को कार्यवाही से हटाने तक सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री को संबंधित मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जगत सिंह नेगी पहले भी सेना, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर विवादित बयान देते रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने राफेल और ऑपरेशन सिंदूर पर सदन में हुई चर्चा का हवाला देते हुए दावा किया कि जब विपक्षी विधायकों ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए, तो मंत्री ने पलटकर कहा था कि पाकिस्तान के नहीं, बल्कि हिंदुस्तान के छक्के छुड़ा दिए गए। जयराम ठाकुर ने कहा कि सेना के सम्मान और जवानों के मनोबल से जुड़े इस मामले को भाजपा सदन के भीतर और बाहर पूरी मजबूती से उठाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
