सेब के साथ जापानी फल भर रहा जेब
कुल्लू के बागबानों को मिला आय का एक मजबूत विकल्प, मंडियों में मिल रहे 100 से 180 तक रेट
कार्यालय संवाददाता-पतलीकूहल
कुल्लू घाटी में बागबानी की तस्वीर धीरे-धीरे बदल रही है। कभी सेब उत्पादन के लिए पहचान रखने वाली कुल्लू घाटी में अब जापानी फल भी बागबानों के लिए आय का एक मजबूत विकल्प बनकर उभर रहा है। पतलीकूहल सब्जी मंडी सहित घाटी के विभिन्न बाजारों में इन दिनों जापानी फल का सीजन पूरे यौवन पर है। मंडियों में इसकी अच्छी मांग बनी हुई है और गुणवत्ता के आधार पर बागवानों को 100 से 180 रुपए प्रति किलो तक दाम मिल रहे हैं। बेहतरीन गुणवत्ता वाले जापानी फल के दाम तो कई बार सेब की कीमतों को भी पीछे छोड़ रहे हैं। इससे बागवानों में इस फल के प्रति उत्साह बढ़ा है। कुल्लू घाटी के बागवान वर्ष 2010 से ही जापानी फल के उत्पादन को लेकर सजग होने लगे थे। बीते करीब 16 वर्षों में इस फल ने घाटी की बागवानी में अपनी अलग पहचान बनाई है।
बदलते मौसम, बाजार की मांग और पारंपरिक सेब उत्पादन के सामने आ रही चुनौतियों के बीच जापानी फल को बागबान एक वैकल्पिक नकदी फसल के रूप में देख रहे हैं। खासकर उन बागवानों के लिए यह उम्मीद बनकर उभरा है, जो अपने बगीचों में फल विविधीकरण की संभावनाएं तलाश रहे हैं। हालांकि, बेहतर बाजार और आकर्षक दाम के बावजूद जापानी फल की खेती में कुछ ऐसी चुनौतियां भी हैं, जिनका समाधान होना जरूरी है। कुल्लू फलोत्पादक मंडल के पूर्व महामंत्री राजीव ठाकुर का कहना है कि पिछले 16 वर्षों से घाटी में जापानी फल का उत्पादन हो रहा है, लेकिन अभी तक इसके छिडक़ाव की कोई निर्धारित और वैज्ञानिक समयसारिणी बागवानों तक नहीं पहुंच पाई है। इसका खामियाजा उत्पादकों को आर्थिक नुकसान के रूप में भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जापानी फल की त्वचा पर काले धब्बे पडऩे से इसकी गुणवत्ता और बाजार कीमत दोनों प्रभावित होती हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
