भव्यता और नक्काशी का बेजोड़ संगम, आंखों का नूर बन गया हिमाचल में बना यह भव्य मंदिर
दीपक चौहान—जोगिंद्रनगर
जोगिंद्रनगर उपमंडल की हारगुनैण पंचायत के गांव हराबाग में महर्षि देव गहरी का भव्य मंदिर अब पूरी तरह तैयार होने की ओर है। लगभग 2 करोड़ रुपए से बने इस मंदिर को शिल्पकार अब अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मंदिर परिसर में दिन-रात काम चल रहा है, ताकि 20 नवंबर से शुरू हो रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव से पहले सारा काम पूरा हो जाए। यह मंदिर जोगिंद्रनगर क्षेत्र में काष्ठकुणी शैली में बना पहला मंदिर है। पत्थर और देवदार की लकड़ी के अनूठे मेल से बने इस मंदिर को देखकर लोग हैरान हैं। मंदिर की दीवारों, खंभों, छत और दरवाजों पर की गई बारीक नक्काशी हिमाचल की सदियों पुरानी परंपरा की झलक दिखाती है।
20 से 22 नवंबर को होगा भव्य कार्यक्रम

मंदिर के मुख्य पुजारी पवन कुमार के अनुसार 20 से 22 नवंबर तक प्राण प्रतिष्ठा का भव्य कार्यक्रम होगा। तीन दिन तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के देवी-देवता, गूर, बजंत्री और सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे। हवन-यज्ञ और लगभग 15 हजार से अधिक लोगों के लिए भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। अगले कल से प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम शुरू होगा तो देवता के आदेशानुसार मंदिर के आस-पास के क्षेत्र में नशे का पूर्ण प्रतिबन्ध रहेगा। अवहेलना करने वाले को 50 हजार का जुर्माना सुनाया जाएगा।
पारंपरिक शिल्पकार दे रहे अंतिम रूप

इन दिनों पारंपरिक काष्ठकुणी शिल्पकार मंदिर की मुख्य मूर्ति को बनाने में लगे हुए हैं। लकड़ी पर बारीक नक्काशी से देवता की मूर्ति को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्य कारीगर राम लाल भारद्वाज ने बताया कि यह उनका पुश्तैनी काम है। उनके पिता और दादा भी यही काम करते थे। पिछले करीब 15 वर्षों से वह खुद इस काम को संभाल रहे हैं। अब तक वह हिमाचल के करीब 15 मंदिरों में इस तरह की नक्काशी कर चुके हैं।
एक मंदिर में लग जाते हैं 1 से 5 साल

राम लाल भारद्वाज ने बताया कि एक मंदिर बनाने में एक साल से लेकर पांच साल तक का भी समय लग जाता है। महर्षि देव गहरी के मंदिर का कार्य पूरा होने में भी लगभग 3 वर्षों का समय लग गया। उन्होंने बताया कि मंदिर की नक्काशी के अलावा यहां कई लकड़ी की मूर्तियां भी बनाई गई हैं, जिनमें अभी मुख्य मूर्ति का कार्य चला हुआ है। अपने जीवन में अब तक वह इस तरह की हजारों मूर्तियां बना चुके हैं।
क्षेत्र में खुशी की लहर

मंदिर के तैयार होने से हराबाग सहित पूरे जोगिंद्रनगर क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मंदिर आने वाले समय में न केवल आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि काष्ठकुणी कला को देखने व आशीर्वाद लेने श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
