मैनुअल ही होगी गाड़ियों की पासिंग, हिमाचल के इस जिला को नितिन गडकरी की सौगात
अमन वर्मा—शिमला
वाहनों की मैनुअल फिटनेस टेस्टिंग फिलहाल बंद नहीं होगी। केंद्र सरकार ने कांगड़ा जिला के आरटीओ को मैनुअल फिटनेस टेस्टिंग के लिए परिवहन सिस्टम में एक्सेस छह महीने के लिए बहाल रखने को मंजूरी दी है। यह व्यवस्था 28 फरवरी, 2027 तक जारी रहेगी। केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को भेजे जवाब में स्थिति स्पष्ट की है। केंद्र ने यह फैसला कांगड़ा की भौगोलिक और परिचालन संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए लिया है। मंत्रालय ने माना है कि जिला में मैनुअल फिटनेस टेस्टिंग की सुविधा अचानक बंद होने से वाहन मालिकों और परिवहन सेवाओं पर व्यापक असर पड़ सकता है। इसी को देखते हुए कांगड़ा के आरटीओ की परिवहन सिस्टम में मैनुअल फिटनेस टेस्टिंग के लिए एक्सेस दोबारा बहाल की गई है। इससे जिले में वाहनों की फिटनेस जांच का काम अगले कुछ महीनों तक मौजूदा व्यवस्था के तहत चलता रहेगा। केंद्र सरकार ने हालांकि इस राहत को स्थाई व्यवस्था नहीं माना है।
मंत्रालय ने हिमाचल सरकार को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए और प्रदेश के प्रत्येक जिले में पर्याप्त ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन कवरेज विकसित किया जाए। यानी कांगड़ा में मैनुअल फिटनेस टेस्टिंग को मिली छह महीने की मोहलत के दौरान प्रदेश को ऑटोमेटेड फिटनेस टेस्टिंग व्यवस्था को मजबूत करना होगा। गौर हो कि कांगड़ा में मैनुअल फिटनेस टेस्टिंग जारी रखने का मामला उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार के समक्ष उठाया था। उन्होंने 31 अगस्त 2026 को केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र भेजकर हिमाचल से जुड़े परिवहन के विभिन्न मुद्दों पर हस्तक्षेप की मांग की थी। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने चार नवंबर को पत्र भेजकर बताया कि कांगड़ा में मैनुअल फिटनेस टेस्टिंग की सुविधा पहले ही छह महीने के लिए बहाल की जा चुकी है। मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कांगड़ा जिले के आरटीओ को वाहनों की मैनुअल फिटनेस टेस्टिंग के लिए परिवहन सिस्टम में दोबारा एक्सेस देने की मंजूरी दी थी। आदेश में इसकी अवधि 28 फरवरी 2027 तक तय की गई है। केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल से जुड़े ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट शुल्क के मुद्दे पर भी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि एआईटीपी नियम, 2023 के तहत शुल्क ढांचे में संशोधन का मामला मंत्रालय में सक्रिय रूप से विचाराधीन है। इस संबंध में 10 अगस्त 2026 को जारी ड्राफ्ट जीएसआर 729(ई) पर प्राप्त सुझावों और आपत्तियों की जांच की जा रही है।
कांट्रैक्ट कैरिज की आयुसीमा पर राज्य को अधिकार
कांट्रैक्ट कैरिज वाहनों की आयु सीमा के मामले में केंद्र ने कहा है कि टूरिस्ट परमिट, नेशनल परमिट और ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट से संबंधित नियम केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। वहीं अन्य परमिटों का नियमन राज्य सरकारों के अधिकार क्षेत्र में है। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 95 और 96 के तहत राज्य सरकारें अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप नियम बना सकती हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

