आईजीएमसी में क्रस्ना लैब का सर्वर ठप
सैंपल लेने से लेकर रिपोर्ट मिलने तक की प्रक्रिया प्रभावित, लंबी कतारों में परेशान हुए मरीज; सरकारी लैब में भी कई टेस्ट बंद
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में शुक्रवार सुबह क्रस्ना लैब का सर्वर ठप होने से जांच व्यवस्था प्रभावित रही। तकनीकी खराबी के कारण मरीजों की एंट्री, ब्लड सैंपल लेने और जांच रिपोर्ट जारी करने का काम बाधित हो गया। इससे विभिन्न टेस्ट करवाने पहुंचे मरीजों को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा। सर्वर बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी उन मरीजों को हुई, जिन्हें ब्लड सैंपल देना था। एंट्री नहीं होने के कारण सैंपलिंग की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। वहीं, पहले से जांच करवा चुके मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए भी इंतजार करना पड़ा। आईजीएमसी में सुबह के समय जरूरी जांचों के सैंपल लेने की व्यवस्था है, ताकि मरीजों को बार-बार अस्पताल न आना पड़े। इस काम में सरकारी और क्रस्ना लैब के कर्मचारी जुटते हैं। लेकिन शुक्रवार को सर्वर की खराबी से यह व्यवस्था भी प्रभावित रही। इसका सबसे अधिक खामियाजा दूरदराज के क्षेत्रों से उपचार करवाने पहुंचे मरीजों को भुगतना पड़ा। आईजीएमसी की सरकारी लैब में सभी जरूरी जांचें उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में कई टेस्ट के लिए मरीजों को क्रस्ना लैब पर निर्भर रहना पड़ता है। सर्वर ठप होने से मरीजों को सैंपल देने, रिपोर्ट हासिल करने में अतिरिक्त समय लग गया। लैब कर्मचारियों ने व्यवस्था सुचारू रखने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते जांच प्रक्रिया सामान्य नहीं हो सकी।
सरकारी लैब में कई जरूरी जांचें अब भी बंद
आईजीएमसी की सरकारी लैब में बायोकेमिस्ट्री की कई जरूरी रूटीन जांचें अब भी नहीं हो पा रही हैं। इनमें एचबीए1सी, लिपिड प्रोफाइल, इलेक्ट्रोलाइट्स, यूरिक एसिड, विटामिन डी, सीआरपी, एएसओ, वीडीआरएल और एएनए जैसी जांचें शामिल हैं। बताया जा रहा है कि रिएजेंट की कमी के कारण ये टेस्ट बंद हैं। मरीजों को इन जांचों के लिए क्रस्ना लैब या बाहर की निजी लैब का सहारा लेना पड़ रहा है। शुक्रवार को सर्वर डाउन होने से क्रस्ना लैब में भी जांचें प्रभावित रहीं।
सरकारी लैब में कुछ टेस्ट दोबारा शुरू
आईजीएमसी की सरकारी लैब में पहले बंद चल रहे कुछ महत्वपूर्ण टेस्ट दोबारा शुरू किए गए हैं। इनमें टीएफटी, टीपीओ, पीएसए और विटामिन बी12 की जांच शामिल हैं। इससे थायराइड, प्रोस्टेट और विटामिन बी12 की कमी से जुड़ी समस्याओं की जांच करवाने वाले मरीजों को राहत मिली है। हालांकि, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड और कई अन्य जरूरी जांचें अब भी सरकारी लैब में उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में मरीजों को निजी लैब पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

