48 घंटे बाद खुला क्रसना लैब का ताला
मेडिकल कालेज में मरीजों को मिली राहत, वेतन मिला तो काम पर लौटे कर्मचारी
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कालेज एवं हमीरपुर में संचालित क्रसना डायग्नोस्टिक्स लैब की सेवाएं दो दिन बाद बुधवार सुबह बहाल हो गईं। करीब 48 घंटे तक जांच सुविधा प्रभावित रहने के बाद टेस्ट शुरू होने से मरीजों ने राहत की सांस ली। समय पर वेतन न मिलने के विरोध में कर्मचारियों ने सोमवार से हड़ताल शुरू की थी। मरीज क्रसना लैब पर ताले लटका देखकर काफी हैरान थे तथा प्रबंधन से प्रयोगशाला के बंद होने का कारण पूछा जा रहा था। क्रसना लैब के बंद होने से सारा लोढ़ सरकारी लैब पर पड़ गया था तथा मरीजों की लंबी कतारें लैब के बाहर लग रही थी। वेतन विसंगति को लेकर चल रही हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गई है। सूत्रों की माने तो वेतन न मिलने के कारण हड़ताल चल रही थी।
वेतन की अदायगी के बाद कर्मचारी काम पर वापस लौट आए हैं। हड़ताल के दौरान लैब में विभिन्न प्रकार के टेस्ट नहीं हो पाए। बुधवार सुबह से लैब में टेस्ट शुरू होने के बाद जांच सुविधा धीरे-धीरे सामान्य होने लगी। क्रसना डायग्नोस्टिक्स के कर्मचारियों ने समय पर वेतन जारी न होने के विरोध में हड़ताल की थी। कंपनी को भुगतान लंबित होने और कर्मचारियों के वेतन में देरी का मामला भी सामने आया है। मेडिकल कालेज हमीरपुर में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार और विभिन्न जांचों के लिए पहुंचते हैं। जांच सुविधा बहाल होने के बाद अब मरीजों को मेडिकल कालेज परिसर में ही टेस्ट करवाने की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। बुधवार सुबह से शुरू हुई सेवाओं से मरीजों और उनके तीमारदारों ने राहत महसूस की।
डाक्टर देशराज के बोल
मेडिकल सुपरीटेंडेंट, मेडिकल कालेज हमीरपुर डा. देशराज शर्मा ने बताया कि क्रस्ना लैब की सेवाएं पुन: बहाल हो गई हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
