हिमाचल के 5300 राशन डिपो संचालकों के लिए सरकार का बड़ा ऐलान, जानिए क्या मिली राहत

By: Nov 28th, 2026 12:01 am

सरकार ने बढ़ाया डिपो धारकों का कमीशन

एनएफएसए पर 195 रुपए प्रति क्विंटल, एपीएल आटा-चावल पर अब मिलेंगे 100 रुपए

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश के करीब 5300 उचित मूल्य की दुकानों (डिपो) के संचालकों के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत राशन वितरण पर बढ़ाए गए कमीशन को प्रदेश में भी लागू कर दिया गया है। इसके तहत पहली अप्रैल, 2022 से मार्च 2026 तक डिपो धारकों को 143 रुपए के बजाय 180 रुपए प्रति क्विंटल कमीशन मिलेगा, जबकि पहली अप्रैल, 2026 से यह राशि बढ़ाकर 195 रुपए प्रति क्विंटल कर दी गई है। खास बात यह है कि प्रदेश सरकार ने एपीएल श्रेणी के उपभोक्ताओं को दिए जाने वाले आटे और चावल पर भी डिपो धारकों का कमीशन 50 रुपए से बढ़ाकर 100 रुपए प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया है। डिपो संचालकों को यह राहत लंबे समय से चली आ रही मांग और कानूनी लड़ाई के बाद मिली है। बता दें कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2022 में हिमाचल सहित अन्य पहाड़ी राज्यों के डिपो धारकों के लिए एनएफएसए के राशन पर कमीशन 143 रुपए से बढ़ाकर 180 रुपए प्रति क्विंटल करने की अधिसूचना जारी की थी। हालांकि, हिमाचल में डिपो संचालकों को बढ़ी हुई दर का लाभ नहीं मिल पा रहा था।

इस मुद्दे को लेकर प्रदेश डिपो संचालक समिति के अध्यक्ष अशोक कवि ने 21 फरवरी, 2026 को माननीय उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। याचिका पर सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने प्रदेश सरकार और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग से जवाब तलब किया। इसके बाद सरकार और विभाग ने डिपो धारकों के पक्ष में निर्णय लेते हुए बढ़े हुए कमीशन की दरें लागू करने के आदेश जारी किए। इसमें राज्य सरकार की ओर से 25 प्रतिशत सबसिडी का हिस्सा भी शामिल किया गया है। वहीं, एपीएल श्रेणी के आटे और चावल पर कमीशन दोगुना करने के आदेश भी जारी किए गए हैं। इसके तहत अब डिपो धारकों को 50 रुपए के बजाय 100 रुपए प्रति क्विंटल कमीशन मिलेगा। यह व्यवस्था दिसंबर 2026 से सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद लागू की जाएगी। विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बता दें कि प्रदेश में 5300 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से साढ़े 19 लाख राशन कार्ड धारकों को हर माह रियायती दरों पर राशन वितरित करने का काम संबंधित डिपो धारकों द्वारा किया जाता है।

सरकार से 20 हजार मासिक वेतन की भी उम्मीद

प्रदेश डिपो संचालक समिति के अध्यक्ष अशोक कवि ने कमीशन बढ़ाने के फैसले पर प्रदेश सरकार और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि कमीशन में बढ़ोतरी से प्रदेश के हजारों डिपो संचालकों को आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही डिपो धारकों को 20 हजार रुपए मासिक वेतन और वन टाइम लाइसेंस की व्यवस्था करने का अपना वादा भी पूरा करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App