पंडोह में पुलिस का बड़ा एक्शन, बीयर से लदी जीप छोड़कर भागा नशा तस्कर
स्टाफ रिपोर्टर—मंडी
पंडोह में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने आधी रात को ऐसा शिकंजा कसा कि शराब तस्कर अपना वाहन तक छोडक़र भाग निकला। मंडी-पंडोह फोरलेन पर सात मील के समीप पुलिस ने एक फोर व्हीलर से बीयर की 200 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस की नाकाबंदी देखकर चालक ने कुछ दूरी पहले ही वाहन रोक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन और बीयर की खेप कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पंडोह चौकी प्रभारी राकेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक जीप के माध्यम से पंजाब ब्रांड की भारी मात्रा में बीयर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ मंगलवार रात करीब दो बजे मंडी-पंडोह फोरलेन पर सात मील के समीप नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध फोर व्हीलर वहां पहुंची।
सामने पुलिस टीम को देखकर चालक ने कुछ दूरी पहले ही वाहन रोक दिया। इसके बाद वह वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली, तो उसके अंदर बीयर की 200 पेटियां देखकर जवान भी हैरान रह गए। पुलिस ने तुरंत वाहन और बीयर को कब्जे में लिया। मामले में एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि बीयर की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार नाकाबंदी और गश्त कर रही है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जिला पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
तीन दिन पहले ही संभाली थी चौकी
इस कार्रवाई की एक खास बात यह भी है कि पंडोह चौकी प्रभारी राकेश कुमार को चौकी का कार्यभार संभाले अभी महज तीन दिन ही हुए हैं। नई जिम्मेदारी संभालने के तुरंत बाद 200 पेटी बीयर की बड़ी खेप पकडऩा उनकी पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
