हिमाचल में शिक्षकों की बंपर भर्ती, 2423 पद भरे जाएंगे, CBSE स्कूलों में होगी तैनाती, जानें कितना मिलेगा मानदेय

By: Nov 3rd, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — हमीरपुर

शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए हिमाचल प्रदेश में रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। सरकार ने 2423 शिक्षकों के पदों को भरने के लिए बंपर भर्ती निकली है। प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में विभिन्न विषयों के शिक्षकों के पद भरे जाएंगे। इन पदों पर भर्ती हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर के माध्यम से की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 30 हजार रुपए का निश्चित मानदेय दिया जाएगा। इस भर्ती के तहत फिजिक्स, कम्प्यूटर, म्यूजिक, गणित, साइंस, अंग्रेजी, हिंदी और इतिहास सहित विभिन्न विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी दस नवंबर से पांच दिसंबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

प्रदेश सरकार की इस पहल का उद्देश्य सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत संचालित सरकारी स्कूलों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है। चयन प्रक्रिया प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से पूरी की जाएगी। इसके बाद मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को स्कूलों में तैनाती दी जाएगी। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव डा. विक्रम महाजन ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी आयोग की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी के 187, गणित के 281, हिंदी के 187, राजनीतिक शास्त्र के 156, इतिहास के 156, इकोनॉमिक्स के 156 फिजिक्स के 95, केमिस्ट्री के 95, बायोलॉजी के 187, संस्कृत के 187, कंप्यूटर के 95, म्यूजिक के 95, कॉमर्स के 187, फिजिकल एजुकेशन के 187, आट्र्स के 172 शिक्षक रखे जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App