हिमाचल में 28 नवंबर को होगी नवोदय प्रवेश परीक्षा, छठी कक्षा में मिलेगा दाखिले का मौका
कार्यालय संवाददाता -शिमला
हिमाचल प्रदेश में जवाहर नवोदय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए छठी कक्षा में प्रवेश की चयन परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित की जाएगी। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी) में प्रदेशभर के हजारों विद्यार्थी अपनी प्रतिभा आजमाएंगे। परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी। इसके लिए नवोदय विद्यालय समिति ने प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। आवेदन करने वाले विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों को परीक्षा केंद्र, अनुक्रमांक और प्रवेश पत्र पर दर्ज अन्य जानकारियों की जांच करने की सलाह दी गई है। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र साथ ले जाना अनिवार्य रहेगा।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में परीक्षा के आयोजन के लिए केंद्र निर्धारित किए गए हैं। कांगड़ा जिले में 28 और चंबा जिले में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि शिमला जिले में 16 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। अन्य जिलों में भी संबंधित जवाहर नवोदय विद्यालयों की ओर से परीक्षा की तैयारियां की जा रही हैं। नवोदय विद्यालयों में प्रवेश के लिए आयोजित इस चयन परीक्षा के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों को आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और उसमें दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

