अमृतसर में हथियार, विस्फोटक और नशा तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़, 16 आरोपी गिरफ्तार
अमृतसर। पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों, विस्फोटकों और नशा तस्करी के कई नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध पिस्तौल, दो अत्याधुनिक उजी गन, दो हैंड ग्रेनेड, 34 किलोग्राम हेरोइन और 26 कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों ने गोलीबारी की तीन घटनाओं को भी सुलझाने का दावा किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे अपने आकाओं के संपर्क में थे। ये लोग आपराधिक तत्वों तक अवैध हथियारों को पहुंचाने का काम करते थे। इस संबंध में अमृतसर के घरिंडा, ब्यास, मेहता, लोपोके और छेहरटा थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान के प्रयास कर रही है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि अवैध हथियारों और नशा तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
