हिमाचल की बेटी निहारिका राणा ने रचा इतिहास, अस्ताना में 70 देशों के खिलाडिय़ों के बीच चमकाया नाम

By: Nov 9th, 2026 9:58 pm

विश्व कुराश चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक, अस्ताना में 70 देशों के खिलाडिय़ों के बीच चमकाया नाम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — कुल्लू

हिमाचल की बेटी निहारिका राणा ने अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में प्रदेश का नाम रोशन करते हुए इतिहास रच दिया है। कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में चार से नौ नवंबर 2026 तक आयोजित 17वीं सीनियर विश्व कुराश चैंपियनशिप में निहारिका राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही वह विश्व कुराश चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली हिमाचल की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में करीब 70 देशों और छह महाद्वीपों के खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। इतने बड़े वैश्विक मंच पर निहारिका ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पदक हासिल किया।

उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से हिमाचल के खेल जगत में खुशी की लहर है। हिमाचल प्रदेश कुराश एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौहान ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि निहारिका राणा ने बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह पदक केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि हिमाचल में कुराश खेल के विकास और वर्षों की मेहनत का परिणाम है। निहारिका राणा को हिमाचल में कुराश खेल के संस्थापक एवं कोच वीरेंद्र सिंह धौलटा प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने निहारिका की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ी ने बेहद शानदार खेल दिखाया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद हिमाचल के खिलाडिय़ों का विश्व स्तर पर पदक जीतना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App