अब खेलों से चिट्टे के खिलाफ जंग, दिसंबर से मार्च तक चलेगा ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त’ अभियान, मैदान में उतरेंगे युवा

By: Nov 15th, 2026 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

हिमाचल में चिट्टे के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए अब सरकार युवाओं को खेल के मैदान में उतारकर नशे के खिलाफ सामाजिक लड़ाई लड़ेगी। प्रदेश सरकार ने ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान, 2026’ को मंजूरी देकर नशामुक्त हिमाचल की मुहिम को खेलों से जोडऩे का बड़ा फैसला लिया है। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी 12 जिलों और 83 उपमंडलों में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को संगठित खेल प्रतियोगिताओं से जोड़ा जाएगा। दिसंबर, 2026 से मार्च, 2027 तक चलने वाले इस अभियान में क्रिकेट, वालीबाल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, हाकी, कुश्ती और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं होंगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में इस अभियान के लिए शीर्ष समिति गठित की जाएगी। प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में होगा। पहले उपमंडल स्तर पर मुकाबले करवाए जाएंगे, इसके बाद जिला स्तर और अंत में राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ग्रामीण, जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को भी अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं होंगी, ताकि दोनों वर्गों को समान अवसर मिल सकें। प्रतियोगिताओं के दौरान चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। संवाद सत्र, नशे के खिलाफ संदेश और युवा एंबेसडर पहल के माध्यम से खिलाडिय़ों तथा स्थानीय समुदायों को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा। नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के लिए परामर्श और पुनर्वास सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस अभियान को केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा, इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों की पहचान कर उन्हें आगे विशेष प्रशिक्षण, प्रशिक्षण शिविरों और खेल विज्ञान से जुड़ी सुविधाओं से जोडऩे की योजना है।

कानून के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस कार्रवाई और कानूनी कदमों से नहीं जीती जा सकती। इसके लिए परिवारों, शिक्षण संस्थानों, खेल संगठनों और समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ युवाओं को अपनी ऊर्जा और आकांक्षाओं को रचनात्मक गतिविधियों की ओर केंद्रित करने का मंच देगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App