IPL में नहीं बढ़ेंगी टीमों की संख्या, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने अटकलों पर लगाया विराम
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने आईपीएल में फिलहाल टीम की संख्या 10 से बढ़ाकर 12 करने की किसी भी संभावना साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रस्ताव पर बोर्ड के भीतर अनौपचारिक स्तर पर भी कोई चर्चा नहीं हुई है। मीडिया की रिपोर्ट में दावा किया जा रहा था कि आईपीएल 2028 में टीमों की संख्या 10 से बढ़ाकर 12 कर दी जाएगी। देवजीत सैकिया ने कहा कि वैश्विक क्रिकेट बाजार में आईपीएल को लेकर बढ़ती दिलचस्पी के बावजूद फिलहाल इसके विस्तार की कोई योजना नहीं है।
सैकिया ने कहा, 2028 में आईपीएल को 12 टीम का टूर्नामेंट बनाने की संभावना पर हमने औपचारिक या अनौपचारिक तौर पर कोई चर्चा की है। फिलहाल यह हमारे विचाराधीन नहीं है। आईपीएल में टीम संख्या बढ़ाए जाने को लेकर मीडिया में चल रही खबरों को भी उन्होंने निराधार अटकलें करार देते हुए स्पष्ट किया, मीडिया में जो खबरें चल रही हैं, वे कुछ लोगों की कल्पनाशीलता से उपजी अटकलें हैं। इन पर मुझे कोई टिप्पणी नहीं करनी। इन खबरों की कोई प्रामाणिकता नहीं है।
2027 में आईपीएल का 20वां सीजन
बीसीसीआई का पूरा फोकस अभी आईपीएल के अगले सीजन पर है। लीग की शुरुआत 2008 में हुई थी और यह 20वां सीजन होने वाला है। उन्होंने कहा, हमारा ध्यान फिलहाल 2027 में होने वाले आईपीएल पर है, जो इसका 20वां सत्र होगा। यह एक बड़ा आयोजन होगा। हम इसी की तैयारियों के बारे में सोच रहे हैं और इसके आगे की किसी योजना पर विचार नहीं कर रहे हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
