बहराल में हाथियों की आमद से दहशत यमुना पार कर पहुंचे दो गजराज
डीएफओ ने जारी की एडवाइजरी, बचाव के लिए बरतें सावधानियां
कार्यालय संवाददाता- पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के बहराल क्षेत्र में मंगलवार रात दो जंगली हाथियों के यमुना नदी पार कर प्रवेश करने से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 11 बजे दो विशालकाय जंगली हाथियों ने उत्तराखंड की सीमा से यमुना नदी पार की और बहराल के रिहायशी व कृषि क्षेत्रों में दाखिल हो गए। हाथियों की चिंघाड़ सुनकर आसपास के ग्रामीण घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की लोकेशन ट्रैक करना शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ पांवटा साहिब वेद प्रकाश ने बताया कि विभाग हाथियों की हर हरकत पर पैनी नजर रख रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी टीमें फील्ड में तैनात हैं और हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। यमुना के किनारे और बहराल के जंगलों से सटे गांवों में गश्त बढ़ा दी गई है।
हम स्थिति पर नियंत्रण बनाए हुए हैं, लेकिन ग्रामीणों का सहयोग और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। विभाग हाथियों को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर भेजने की कोशिश कर रहा है। हाथियों से सुरक्षित रहने के लिए वन विभाग ने निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसमें हाथियों को देखने पर कम से कम 100 मीटर की दूरी बनाए रखें। उनके नजदीक जाने या सेल्फी लेने की कोशिश जानलेवा हो सकती है। हाथियों के चलने के रास्ते में बाधा न डालें। हाथी रास्ता रोके जाने पर आक्रामक हो जाते हैं। हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में रात के समय अकेले बाहर न निकलें। यदि निकलना जरूरी हो, तो टॉर्च और लाठी साथ रखें। यदि हाथी रिहायशी इलाके या घर के करीब नजर आएं तो तुरंत वन विभाग के कंट्रोल रूम या स्थानीय वनरक्षक को सूचित करें। वन विभाग ने अपील की है कि ग्रामीण अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में धैर्य बनाए रखें। फिलहाल हाथियों की आवाजाही को देखते हुए बहराल क्षेत्र में निगरानी जारी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
