छठ मनाने घर लौट रहे थे यात्री, गहरी खाई में गिरी बस; 13 की मौत, तीन साल का बच्चा सुरक्षित बचा
काठमांडू। नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक बस के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से 13 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के शिकार हुए लोग छठ पर्व मनाने के लिए अपने घर जा रहे थे। जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार यह हादसा जिले के भीमफेदी ग्रामीण नगर पालिका-6 स्थित चिसापानी गढ़ी के पास के हुआ। इस हादसे में मारे गए 13 लोगों में से 11 की पहचान कर ली गई है। शेष दो मृतकों की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मृतकों में महिलाएं और बच्चियां भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनास्थल के ऊपर पहाड़ी ढलान से एक तीन वर्षीय बालक को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं, हादसे में घायल हुए पांच यात्रियों को इलाज के लिए हेटौडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह इलेक्ट्रिक माइक्रोबस गुरुवार सुबह सर्लाही के यात्रियों को लेकर काठमांडू से हेटौडा जा रही थी। रास्ते में चिसापानी गढ़ी के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गया और लगभग 700 मीटर गहरी ढलान में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्याम खत्री के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। भीमफेदी स्थित क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय से करीब आठ किलोमीटर उत्तर में स्थित इस दुर्घटनास्थल की खड़ी और दुर्गम ढलान के कारण बचाव कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
