पेंशनरों को जल्द मिले लंबित वित्तीय लाभ
कुल्लू पेंशनर फेडरेशन ने सरकार को सौंपा मांग पत्र, चिकित्सा भुगतान के मुद्दे पर भी बुलंद की आवाज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुल्लू
हिमाचल पेंशनर्स फेडरेशन ब्लॉक कुल्लू ने पेंशनरों की लंबित समस्याओं और मांगों को लेकर सरकार के समक्ष आवाज उठाई है। फेडरेशन की ओर से 14 नवंबर को तैयार किए गए मांग पत्र में पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार और संबंधित विभागों से इनके शीघ्र समाधान की मांग की गई है। फेडरेशन का कहना है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय सरकारी सेवाओं में बिताया है। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपने जायज वित्तीय लाभों के लिए इंतजार नहीं करना चाहिए। फेडरेशन ने मांग पत्र के माध्यम से पेंशनरों को मिलने वाले वित्तीय लाभ समय पर जारी करने और लंबे समय से लंबित देय राशि का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई है। फेडरेशन के अनुसार, कई पेंशनरों के वित्तीय मामले लंबे समय से लंबित हैं, जिसके चलते उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पेंशनरों की समस्याओं का जल्द हो समाधान
इसके अलावा चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े मामलों को भी मांग पत्र में शामिल किया गया है। फेडरेशन ने मांग की है कि पेंशनरों की ओर से उपचार पर खर्च की गई राशि की प्रतिपूर्ति के मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और उनका जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उम्र के इस पड़ाव में स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें बढ़ जाती हैं। ऐसे में चिकित्सा सुविधाओं और उनसे जुड़े वित्तीय लाभों का समय पर मिलना बेहद जरूरी है। वहीं, हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया है। फेडरेशन ने निगम के पेंशनरों के लंबित वित्तीय लाभों का भुगतान करने और उनकी समस्याओं का उचित समाधान करने की मांग की है। फेडरेशन ने सरकार से आग्रह किया है कि पेंशनरों से जुड़े मामलों को केवल आश्वासनों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके अधिकारों के अनुसार वित्तीय लाभ उपलब्ध करवाना सरकार और संबंधित विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। फेडरेशन ने उम्मीद जताई है कि मांग पत्र में उठाए गए मुद्दों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी और पेंशनरों को जल्द राहत प्रदान करेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
