हक के लिए सडक़ों पर उतरे पेंशनर, निकाली रैली

By: Nov 13th, 2026 12:56 am

चंबा में 200 पेंशनरों की हुंकार, लंबित देनदारियां चुकाने की मांग, 19 नवंबर तक जेसीसी गठित नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर गुरुवार को पेंशनरों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इरावती गेट से सरकार विरोधी नारों के बीच शुरू हुई रैली उपायुक्त कार्यालय के बाहर जाकर समाप्त हुई। इसके बाद पेंशनरों ने लखदाता मंदिर पार्क में दोपहर तीन बजे तक धरना दिया। गुरुवार को मनोहर लाल हितैषी, आनंद कुमार शर्मा, बुशहरा राम भंडारी, आत्मा राम शर्मा, ज्ञान चंद तथा नरेश सेठ धरने पर बैठे। प्रदर्शन की अगुवाई भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ के वरिष्ठ राज्य उपाध्यक्ष एवं पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति चंबा यूनिट के जिला समन्वयक डॉ. डीके सोनी ने की। डॉ. डीके सोनी ने कहा कि पेंशनरों की वित्तीय देनदारियों को लेकर प्रदेश सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। इसके चलते मजबूरन पेंशनरों को अपना हक पाने के लिए सडक़ों पर उतरना पड़ रहा है।

उन्होंने सरकार को दो टूक चेतावनी देते हुए मांग की कि 19 नवंबर से पहले संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) का गठन कर पेंशनरों को वार्ता के लिए बुलाया जाए। साथ ही पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो पेंशनरों का आंदोलन और उग्र होगा। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर तक समिति की ओर से रोजाना सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक मांगों के समर्थन में धरना दिया जाएगा। इस मौके पर वरिष्ठ पेंशनर दीवान चंद ठाकुर ने भी पेंशनरों को संबोधित किया। उन्होंने मांगों को पूरा करवाने के लिए सभी पेंशनरों से एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। गुरुवार के प्रदर्शन में 18 विभिन्न संगठनों के करीब 200 पेंशनरों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App