PM Awas Yojana : 635 नए मकानों का सर्वे मंजूर, घर बनाने को मिलेंगे 2.50 लाख, कब मिलेगी राशि, जानिए
केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद ही स्वीकृत होगी मकानों की राशि
पीएम आवास योजना में प्रदेश के शहरी निकायों में लाभार्थियों का सर्वे जारी
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मकान बनाने के लिए मिलेंगे 2.50 लाख रुपये
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपना मकान बनाने का सपना पूरा करने के लिए सरकार आर्थिक सहायता देगी। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत प्रदेश में 635 नए मकान बनाने का सर्वे किया गया है। प्रदेश सरकार की ओर से अब अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद मकान बनाने के लिए राशि स्वीकृत दी जाएगी। इन मकानों को लाभार्थी आधारित निर्माण घटक के तहत स्वीकृत किया गया है। योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से प्रति मकान 2.25 लाख रुपये और प्रदेश सरकार की ओर से 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस तरह पात्र परिवारों को एक मकान के निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता मिलेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 को केंद्र सरकार ने 1 सितंबर 2024 से पांच साल की अवधि के लिए लागू किया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में सभी पात्र परिवारों को किफायती आवास उपलब्ध करवाना है। इसके तहत पात्र परिवारों को मकान बनाने, खरीदने या किराये पर आवास उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सहायता प्रदान की जाती है। योजना को राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और प्राथमिक ऋण संस्थानों के माध्यम से लागू किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश में इस योजना के तहत सभी शहरी स्थानीय निकायों में लाभार्थियों का सर्वेक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों को योजना की जानकारी देने के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियां भी चलाई जा रही हैं। राज्य स्तरीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति की बैठक में बीएलसी घटक के तहत 635 नए मकानों को मंजूरी प्रदान की गई है। इसका लाभ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र परिवारों को मिलेगा। योजना के तहत मकानों की मंजूरी से प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपना घर बनाने में मदद मिलेगी। फिलहाल सभी शहरी निकायों में सर्वे और जागरूकता गतिविधियां जारी हैं, ताकि योजना के पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें इसका लाभ दिया जा सके।
इन जिलों में मंजूर हुए मकान
जिला स्तर पर जारी सूची के अनुसार बिलासपुर जिले के स्वारघाट में 10 मकान, चंबा जिले के चंबा में 12 और चुवाड़ी में 11 मकान मंजूर किए गए हैं। हमीरपुर जिले के बड़सर में 26, भोरंज में 15, हमीरपुर में 48, नादौन में 12 और सुजानपुर टीहरा में 10 मकान स्वीकृत हुए हैं। कांगड़ा जिले में बैजनाथ पपरोला में 29, देहरा में 10, धर्मशाला में 32, नूरपुर में 10, पालमपुर में 54 और शाहपुर में 13 मकान बनाने को मंजूरी मिली है। मंडी जिले के बलद्वाड़ा में 42, धर्मपुर में 16, करसोग में 20, मंडी में 42, नेरचौक में 11 और सुंदरनगर में 13 मकान स्वीकृत किए गए हैं। सिरमौर जिले में नाहन में 10, पांवटा साहिब में 13 और शिलाई में 13 मकान मंजूर हुए हैं। सोलन जिले के नालागढ़ में 15 मकान स्वीकृत किए गए हैं। ऊना जिले में अंब में 11, बंगाणा में 14, मैहतपुर में बसदेहड़ा में 11, संतोषगढ़ में 11, टाहलीवाल में 12 और ऊना में सबसे अधिक 89 मकान बनाने को मंजूरी दी गई है।
—अमन वर्मा
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
