दिवाली के लिए पुलिस का विशेष प्लान तैयार, चिट्टा तस्करों से लेकर शराबियों तक पर रहेगी नजर

By: Nov 5th, 2026 4:37 pm

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

दिवाली के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। डीजीपी अशोक तिवारी ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और घटना रहित दीपावली सुनिश्चित करने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी ने जिला एसपी को तैयारियों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने और फील्ड में व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करवाने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पटाखों की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल से संबंधित सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने के साथ ही आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा गया है।

दिवाली के दौरान पुलिस की ओर से नशे, विशेषकर चिट्टा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान भी जारी रहेगा। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, अवैध शराब और जुआ जैसी गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की यह कार्रवाई मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रहे एंटी-चिट्टा जन आंदोलन को और मजबूती देगी। त्योहारी सीजन में बाजारों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बढऩे वाली भीड़ को देखते हुए यातायात और पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस को जाम की स्थिति से बचने के लिए पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार करने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है। वहीं, महिला, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने के निर्देश हैं। डीजीपी ने अफवाहों और भ्रामक सोशल मीडिया सामग्री की निगरानी करने को कहा है। पुलिस को सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत सूचनाओं की तत्काल पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने के लिए ईआरएसएस 112 को पूरी तरह ऑपरेशनल रखने पर भी जोर दिया गया है।

जनता को असुविधा नहीं, सहयोग का माहौल बनाने के निर्देश

डीजीपी अशोक तेवारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे लोगों को दीपावली मनाने में सुविधा मिले और अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस कर्मियों को व्यापारियों, बाजार एसोसिएशनों और स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ संवाद बनाए रखने तथा आम जनता के साथ शालीनता और संवेदनशीलता से पेश आने के निर्देश दिए हैं।

सात नवंबर तक देनी होगी अनुपालन रिपोर्ट

जिला एसपी को व्यक्तिगत रूप से सुरक्षा तैयारियों के लिए जवाबदेह बनाते हुए डीजीपी ने अग्रिम निरीक्षण, पर्याप्त फील्ड तैनाती और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। एडीजी/सीआईडी और रेंज के आईजी/ डीआईजी स्तर के अधिकारी तैयारियों की निगरानी करेंगे। सभी जिला एसपी को अपनी अनुपालन रिपोर्ट सात नवंबर, 2026 तक पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी। डीजीपी अशोक तेवारी ने कहा कि पुलिस की तैयारियों का आकलन बैठकों और जारी किए गए निर्देशों की संख्या से नहीं, बल्कि मैदानी व्यवस्था की प्रभावशीलता, घटनाओं की रोकथाम और आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया से होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से दीपावली को जिम्मेदारी और सुरक्षा के साथ मनाने, सुरक्षा नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना ईआरएसएस 112 पर देने का आग्रह किया गया है। डीजीपी ने हिमाचल प्रदेश के सभी नागरिकों और यहां आने वाले पर्यटकों को सुखद, शांतिपूर्ण और सुरक्षित दीपावली की शुभकामनाएं दीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App