राष्ट्रपति ने नवाजीं पर्वतारोही बलजीत कौर, हिमाचल की बेटी राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार से सम्मानित

By: Nov 13th, 2026 10:02 pm

दिव्य हिमाचल टीम— शिमला, सोलन

हिमाचल की बेटी बलजीत कौर ने अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण के क्षेत्र में एक बार फिर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। सोलन की रहने वाली पर्वतारोही बलजीत कौर को शुक्रवार को राष्ट्रपति ने प्रतिष्ठित तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार-2024 से सम्मानित किया। खास बात यह है कि बलजीत ने महज 30 दिनों के भीतर दुनिया की 8,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली पांच चोटियों पर सफल चढ़ाई कर पहली भारतीय पर्वतारोही बनने का कीर्तिमान बनाया है। उन्होंने 28 अप्रैल से 28 मई, 2022 के बीच माउंट अन्नपूर्णा, कंचनजंगा, एवरेस्ट, ल्होत्से और मकालू जैसी दुनिया की सबसे कठिन चोटियों को फतह किया।

एक महीने के भीतर लगातार पांच आठ हजार मीटर की ऊंचाई वाली चोटियों पर चढ़ाई करना उनकी असाधारण शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। इसी अभियान के दौरान उन्होंने महज सात दिन, दो घंटे और आठ मिनट में एवरेस्ट, ल्होत्से और मकालू की चोटियों पर भी सफलता हासिल की। वहीं, एवरेस्ट और ल्होत्से को मात्र 25 घंटे 20 मिनट के अंतराल में फतह कर उन्होंने अपनी असाधारण पर्वतारोहण क्षमता का परिचय दिया।

राष्ट्रपति से सम्मान मिलना गौरवपूर्ण क्षण

राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त करने के बाद बलजीत कौर ने इसे जीवन के सबसे गौरवपूर्ण क्षणों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है, जिन्होंने वर्षों के संघर्ष और कठिन परिस्थितियों में उनका साथ दिया, मार्गदर्शन किया और उन पर विश्वास बनाए रखा। उन्होंने परिवार, सहयोगियों और मार्गदर्शकों का आभार जताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App