उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी को मिली शादी की पैरोल, हाई कोर्ट ने जेल प्रशासन को दिया झटका
नागपुर। बॉम्बे उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ ने उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी को अपनी शादी में शामिल होने के लिए यह कहते हुए सात दिन की पैरोल पर रिहा करने के आदेश दिए हैं कि किसी कैदी को सिर्फ इसलिए पैरोल देने से मना नहीं किया जा सकता क्योंकि जेल के नियमों में शादी का जिक्र स्पष्ट रूप से नहीं किया गया है। न्यायमूर्ति उर्मिला जोशी-फाल्के और न्यायमूर्ति राज डी. वाकोडे की पीठ ने कुणाल उर्फ गोलू अनिल जायसवाल की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिए।
जायसवाल अमरावती जिले की मोर्शी ओपन जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। उसकी शादी आगामी चार दिसंबर को नागपुर में होनी है। उसने इस समारोह में शामिल होने के लिए पैरोल मांगी थी। पुलिस ने शादी की जानकारी की जांच की और एक सकारात्मक रिपोर्ट भी दी, लेकिन जेल उपमहानिरीक्षक ने गत सात जुलाई को उसकी अर्जी खारिज कर दी। उन्होंने तर्क दिया कि ‘महाराष्ट्र जेल (फर्लो और पैरोल) नियम, 2024’ में कैदी की अपनी शादी के लिए कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है।
न्यायालय ने सरकार की आपत्तियों को खारिज करते हुए कहा कि नियम 12(3) के तहत शादी से जुड़ा प्रावधान कैदी की अपनी शादी पर भी लागू होता है।पीठ ने यह भी कहा कि एक साल की वास्तविक जेल की सजा पूरी करने की शर्त को किसी जायज कारण के लिए पैरोल देने से मना करने का आधार नहीं माना जा सकता। न्यायालय ने एक पुराने फैसले का भी जिक्र किया, जिसमें नियम 14 के तहत एक साल की पाबंदी को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन मानते हुए असंवैधानिक करार दिया गया था।
न्यायालय ने जेल प्रशासन के फैसले को रद्द करते हुए जायसवाल को शादी करने के लिए सात दिन की पैरोल दे दी। न्यायालय ने उसे निर्देश दिया है कि पैरोल के दौरान शादी के दिन (04 दिसंबर) को छोड़कर वह प्रत्येक दिन सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे के बीच नरखेड़ पुलिस स्टेशन में हाजिरी लगाये। इसके साथ ही उसे आठवें दिन मोर्शी ओपन जेल के अधीक्षक के समक्ष समर्पण करने का भी निर्देश दिया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

