हमीरपुर में धूमधाम से निकली महाकाली की शोभायात्रा
कई दिन तक विधिवत पूजा-अर्चना के बाद झूमे श्रद्धालु, व्यास में किया मूर्ति का विसर्जन
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
शहर में शुक्रवार को महाकाली की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। कई दिनों तक विधिवत पूजा-अर्चना के बाद आयोजित इस शोभायात्रा में श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए झूमते नजर आए। शोभायात्रा के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया और बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लेकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इससे पहले गुरुवार रात को भव्य जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जागरण में माता की भेंटों और भजनों से माहौल भक्तिमय बना रहा। भक्त देर रात तक माता की भक्ति में लीन रहे। जानकारी के अनुसार महाकाली की मूर्ति चंडीगढ़ से लाकर स्थापित की गई थी। इसके बाद कई दिनों तक विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। स्वर्ण कारीगरों और स्थानीय व्यापारियों सहित क्षेत्र के लोगों ने भी आयोजन में बढ़ चढक़र सहयोग दिया।
व्यास में किया विसर्जन
शुक्रवार को निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। शोभायात्रा के बाद विधि-विधान के साथ महाकाली की मूर्ति का ब्यास नदी में विसर्जन किया गया।
खुशहाली की कामना
इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता को विदाई दी और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस धार्मिक आयोजन से शहर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
