5जी फोन और 375 रुपए इंटरनेट भत्ता जल्द दो
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उठाई 90 फीसदी पदोन्नति कोटे की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
नगर संवाददाता-चंबा
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका हेल्पर्ज संघ जिला चंबा ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजा है। संघ ने मुख्यमंत्री से मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई कर राहत प्रदान करने का आग्रह किया है। संघ की जिला अध्यक्ष अंजना कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और विभागीय योजनाओं को धरातल पर लागू करने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने मांग की कि सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कोटा बढ़ाकर 90 प्रतिशत किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय ऑनलाइन कार्यों को सुचारू रूप से करने के लिए प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नया 5जी स्मार्टफोन उपलब्ध करवाया जाए। इसके अलावा इंटरनेट खर्च के लिए 375 रुपए प्रतिमाह भत्ता देने की मांग भी उठाई गई है। संघ ने प्रदेश में नर्सरी अध्यापिका पदों पर होने वाली भर्तियों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनकी योग्यता के अनुसार अवसर देने का आग्रह किया है। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष निर्धारित करने की मांग की है। जिला अध्यक्ष अंजना कुमारी ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को पेंशन और अन्य सरकारी लाभ भी प्रदान किए जाने चाहिए।
ये-ये रहीं मौजूद
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीनाक्षी देवी, अंजू कुमारी, शिवानी, अंजू कुमारी, रीना देवी, शकुंतला कुमारी, विमला कुमारी, कमला देवी, बॉबी देवी, कंचन, आशा ठाकुर, इंदिरा ठाकुर और कांता देवी उपस्थित रहीं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
