छप्पन भोग से सजा रघुनाथ दरबार, दर्शनों को उमड़े श्रद्धालु
ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर में अन्नकूट पर्व की धूम; भगवान को अर्पित किए पकवान, मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने निभाई परंपरा
जिला संवाददाता-कुल्लू
देवभूमि कुल्लू के ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंगलवार को भगवान रघुनाथ जी को विभिन्न प्रकार के पकवानों और व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान रघुनाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान भगवान रघुनाथ जी के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने भी परंपरा को निभाया। इस अन्नकूट पर्व के अवसर पर भगवान रघुनाथ की विशेष पूजा.अर्चना की गई। मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए गए। इस दौरान भगवान को तरह-तरह के पकवानों, मिठाइयों, फल और अन्य खाद्य पदार्थों से सुसज्जित भोग अर्पित किया गया। अन्नकूट का विशेष आकर्षण भगवान को लगाया जाने वाला छप्पन भोग रहा।
भोग के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अन्नकूट पर्व का संबंध भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने की पौराणिक कथा से जुड़ा है। इस दिन भगवान को अन्न और विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाकर प्रकृति, अन्न और भगवान के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। इसी परंपरा के तहत देशभर के मंदिरों में अन्नकूट उत्सव मनाया जाता है। कुल्लू के रघुनाथ मंदिर में भी इस पर्व का विशेष धार्मिक महत्व है। भगवान रघुनाथ को कुल्लू घाटी के आराध्य देव के रूप में पूजा जाता है। ऐसे में अन्नकूट पर्व के दौरान मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने धार्मिक आस्था और परंपरा के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा को दर्शाया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
