परिसीमन बिल पर विपक्ष में दरार, एनसीपी करेगी सपोर्ट, दो बड़ी पार्टियों का भी साथ, विरोध में खड़ी रहेगी कांग्रेस
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन बिल को मोदी कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। अब सवाल है कि सरकार इसे दो तिहाई बहुमत से पास कराने के लिए 40 वोट कहां से लाएगी। एनडीए के पास अभी 320 सांसद हैं। अटकलें हैं कि उसे दक्षिण भारत की दो बड़ी पार्टियां एमके स्टालिन की डीएमके और जगन मोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस बिल पर समर्थन दे सकती है। डीएमके के 22 और वाईएसआर के चार सांसद हैं। वहीं एनसीपी का रुख भी सामने आया है। शरद पवार से मुलाकात के बाद विधायक जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि पार्टी परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि शरद पवार से बातचीत पार्टी के आधिकारिक रुख को लेकर नहीं थी। आव्हाड ने मुंबई में बातचीत के दौरान कहा कि परिसीमन संवैधानिक प्रक्रिया है। इस प्रक्रिया को समर्थन देने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि एनसीपी परिसीमन का समर्थन करेगी।
एनसीपी एसपी के आठ सांसद हैं। तीनों बड़े दलों की संख्या जोड़ दी जाएगी, तो यह 34 होता है। दावा है कि बीजेपी ने छह अन्य सांसदों के लिए छोटे-छोटे दलों से संपर्क साधा है। इसके साथ ही उसके पाले में अतिरिक्त सांसद भी हैं, लेकिन अब तक पत्ते नहीं खोले हैं। पार्टी की रणनीति इस पर भी है कि अगर कोई दल अनुपस्थित रहता है, तो दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा और कम हो जाएगा और वह इसे पारित करा लेगी। वहीं कांग्रेस इस बिल का विरोध करेगी।
परिसीमन बीजेपी की ओर से रचा गया षड्यंत्र
शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने कहा कि शरद पवार की तबीयत खराब होने के कारण वह संघर्ष करने और फैसले लेने की स्थिति में नहीं हैं। वरना देशद्रोही डिलिमिटेशन बिल को इस तरह भ्रष्ट तरीके से संसद में लाने की हिम्मत नहीं होती। परिसीमन देश की जनता से सत्ता छीनने के लिए बीजेपी द्वारा रचा गया एक षड्यंत्र है।
महिला आरक्षण का समर्थक है बीजू जनता दल
बीजेडी सांसद संतृप्त मिश्रा ने कहा कि सरकार और बीजेपी ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है और लोगों को इस तरह तैयार रखा है कि अगर बिल पेश होता है, तो वह पास हो जाए। इस मुद्दे पर बीजू जनता दल का रुख हमेशा से बिलकुल साफ रहा है। हमने हमेशा महिलाओं के आरक्षण का समर्थन किया है। संसद में आज हमारा जो प्रतिनिधित्व है, उसका अनुपात बना रहना चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

