दियोटसिद्ध लंगर में रोटी मेकर मशीन खराब

By: Nov 20th, 2026 12:55 am

वर्तमान में उमड़ रही भीड़ के बीच सेवादारों का बढ़ा बोझ, समस्या हल करने की लगाई गुुहार
निजी संवाददाता – बड़सर
उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ सिद्ध श्री बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के लंगर भवन में लाखों रुपये खर्च कर स्थापित की गई रोटी मेकर मशीन पिछले काफी समय से खराब चल रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और लंगर व्यवस्था को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से खरीदी गई यह मशीन लंबे अरसे से बंद पड़ी होने के कारण अब महज शोपीस बनकर रह गई है। वर्तमान समय में मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की आमद के बीच मशीन का ठप रहना मंदिर न्यास की व्यवस्थाओं और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। मशीन के खराब होने का सीधा असर लंगर व्यवस्था संभाल रहे सेवादारों और आउटसोर्स कर्मचारियों पर पड़ रहा है।

स्थानीय श्रद्धालुओं ने बताया कि इन दिनों विशेषकर शनिवार और रविवार के अवकाश पर मंदिर में भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में हजारों श्रद्धालुओं के लिए हाथ से रोटियां तैयार करने में कर्मचारियों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह आधुनिक मशीन सुचारू रूप से कार्य कर रही होती, तो रोटियां बनाने की गति तेज रहती और कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलती। लोगों ने मंदिर न्यास की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए मांग की है कि वर्तमान भीड़ को देखते हुए इस मशीन को अविलंब दुरुस्त करवाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को लंगर ग्रहण करने के लिए चपातियों के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App