कोटड़ी व्यास स्कूल के ग्रामीण खिलाडिय़ों ने रचा इतिहास

By: Nov 5th, 2026 12:55 am

एक ही स्कूल से हिमाचल प्रदेश रग्बी टीम को मिले छह कप्तान, छोटे से गांव चांदपुर की तीन बेटियों ने भी बढ़ाया मान
कार्यालय संवाददाता -पांवटा साहिब
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के ग्रामीण क्षेत्र ने खेल जगत में एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल कर इतिहास रच दिया है। शहीद कमलकांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी व्यास के खिलाडिय़ों ने सीमित संसाधनों के बावजूद पिछले दो वर्षों में हिमाचल प्रदेश रग्बी टीम को छह कप्तान दिए हैं। इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह है कि इनमें से तीन खिलाड़ी मात्र 25 परिवारों की आबादी वाले छोटे से गांव चांदपुर से संबंध रखते हैं। विद्यालय के खिलाडिय़ों ने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विभिन्न आयु वर्गों में हिमाचल प्रदेश रग्बी टीम की कप्तानी संभाली है। इसमें अंकिता हिमाचल प्रदेश अंडर-18 ओपन वर्ग रग्बी टीम की पूर्व कप्तान, स्नेहा हिमाचल प्रदेश अंडर-18 रग्बी टीम की कप्तान एवं वर्तमान में अंडर-19 गल्र्स हैंडबॉल नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता, दीपिका हिमाचल प्रदेश अंडर-15 ओपन रग्बी टीम की कप्तान, दिव्यांशी वर्तमान में हिमाचल प्रदेश अंडर-17 गल्र्स रग्बी टीम की कप्तान (70वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता), आर्यन वर्तमान में हिमाचल प्रदेश अंडर-19 रग्बी टीम के कप्तान (70वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता), स्नेहा हिमाचल प्रदेश अंडर-19 रग्बी टीम की कप्तान (एसजीएफआई नई दिल्ली) शामिल है।

खिलाडिय़ों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं मुख्य कोच धर्मेंद्र चौधरी का समर्पित प्रयास, कुशल प्रशिक्षण और अनुशासित मार्गदर्शन रहा है। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में कोच की भूमिका महत्त्वपूर्ण रही है। सीमित खेल सुविधाओं के बीच विद्यालय के खिलाडिय़ों द्वारा प्रदेश की रग्बी टीम को लगातार कप्तान देना न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिला सिरमौर और हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी, एसएमसी अध्यक्ष मान सिंह, विद्यालय स्टाफ, स्थानीय अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों सुखविंदर चौधरी, राजेश, पवन, अनिल, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार, वर्तमान उप-प्रधान हितेंद्र ने खिलाडिय़ों और कोच धर्मेंद्र चौधरी को बधाई दी है। सभी ने खिलाडिय़ों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि यह प्रतिभाएं आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App