इब्राहिम और सारा के साथ कैसा है करीना का रिश्ता, सैफ अली खान ने किया खुलासा
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने लोकप्रिय चैट शो कॉफी विद करण में अपने पारिवारिक जीवन, पिता के रूप में जिम्मेदारियों और पत्नी करीना कपूर खान के साथ रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। सैफ अली खान ने परिवार के सभी सदस्यों के बीच आपसी तालमेल, बच्चों के रिश्तों और एक साथ समय बिताने की खुशी साझा की। सैफ ने कहा कि परिवार के सभी सदस्यों ने आपसी रिश्तों को बेहतर बनाने में समझदारी दिखाई है। इसके लिए उन्होंने करीना की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि करीना का सारा और इब्राहिम के साथ बहुत अच्छा रिश्ता है और दोनों भी उन्हें उतना ही प्यार देते हैं। रिश्ते हमेशा दोनों तरफ से निभाए जाते हैं और करीना ने हर चीज को सहज बनाया है।
अभिनेता ने इब्राहिम के अपने छोटे भाइयों तैमूर और जेह के साथ रिश्ते की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इब्राहिम दोनों के साथ बहुत अच्छा व्यवहार करता है। वे उसके साथ खेलना पसंद करते हैं। घर आने पर वह उनके कमरों में जाकर उनसे बातचीत करता है। तीनों के बीच एक खूबसूरत रिश्ता है, जिसे देखकर उन्हें एक पिता के रूप में खुशी होती है। सैफ ने परिवार के सभी सदस्यों के एक साथ बैठकर खाना खाने की इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने बताया कि सलमान खान के घर पर ऐसा पारिवारिक माहौल देखकर उन्हें भी इसकी प्रेरणा मिली। उनके घर में भी कभी-कभी संडे लंच जैसे आयोजन होते हैं, जहां परिवार के बड़े-बुजुर्ग और बच्चे एक साथ भोजन करते हैं और आपस में बातचीत करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे मौकों पर जब वह अपने आसपास परिवार के सभी सदस्यों को एक साथ देखते हैं तो उन्हें महसूस होता है कि वह बहुत खुशकिस्मत हैं कि उन्हें इन पलों को देखने और महसूस करने का अवसर मिला है। कार्यक्रम में करीना कपूर खान ने भी सैफ के प्रति अपने प्यार का इजहार किया। उन्होंने फिल्म ओमकारा की स्क्रीनिंग का एक किस्सा साझा करते हुए सैफ के काले कुर्ते-पायजामे वाले लुक की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उस समय सैफ बेहद आकर्षक लग रहे थे। बातचीत के दौरान दोनों ने इस बात पर भी जोर दिया कि शादी को सफल बनाए रखने के लिए एक-दूसरे के प्रति प्यार, विश्वास और प्रतिबद्धता जरूरी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
