स्कूलों को मिले 597 जेबीटी, 10 दिन के भीतर पूरी करनी होगी यह प्रक्रिया
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश शिक्षा निदेशालय द्वारा राज्य के सभी जिलों में जेबीटी शिक्षकों को नियुक्ति प्रदान करने के बाद राज्य के सभी 12 जिलों के स्कूल शिक्षा उपनिदेशकों द्वारा 597 शिक्षकों की तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रदेश में सबसे अधिक जिला कांगडा में 100 जेबीटी शिक्षकों को तैनाती प्रदान की गई हैं। वहीं जिला किन्नौर में पांच जेबीटी शिक्षकों को तैनाती मिली है। इसके अलावा जिला हमीरपुर में 27, शिमला में 75, कुल्लू में 30, चंबा 54, सोलन 55, लाहुल स्पीति 11, बिलासपुर 34, मंडी के 105, ऊना 40 और सिरमौर जिला में 57 जेबीटी शिक्षकों को तैनाती के आर्डर जारी किए गए हैं। शिक्षा विभाग के इन निर्देशों के चलते लंबे समय से शिक्षकों की कमी से जूझ रहे प्राथमिक स्कूलों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
विशेषकर उन स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी, जहां लंबे समय से पद खाली चल रहे हैं। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 10 नवंबर को नियुक्ति आदेश जारी किए थे। वहीं इसके बाद प्रत्येक जिला शिक्षा उप निदेशकों द्वारा अब इन्हें ज्वाइनिंग करने के निर्देश जारी किए गए हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर की सिफारिश पर की गई इन नियुक्तियों में चयनित अभ्यर्थियों को जॉब ट्रेनी आधार पर रखा गया है। इन्हें 18 हजार रुपए मासिक फिक्स वेतन मिलेगा।
एक साल की ट्रेनिंग
नियुक्त किए गए जेबीटी शिक्षकों का शुरुआती प्रशिक्षण कार्यकाल एक साल का होगा। इसके बाद संबंधित अभ्यर्थी को स्कूल प्रमुख के साथ नया प्रशिक्षण समझौता करना होगा। संतोषजनक कार्य प्रदर्शन के आधार पर प्रशिक्षण अवधि को साल-दर-साल आगे बढ़ाया जा सकेगा। यानी फिलहाल ये नियुक्तियां नियमित आधार पर नहीं, बल्कि जॉब ट्रेनी व्यवस्था के तहत की गई हैं।
न्यायिक कागज पर बांड भरना भी अनिवार्य
नियुक्ति आदेश जारी होने के 10 दिन के भीतर अभ्यर्थियों को आबंटित स्कूल में कार्यभार संभालना होगा। सभी चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य या मुख्याध्यापक के समक्ष रिपोर्ट करनी होगी। नियुक्ति स्वीकार करने के लिए न्यायिक कागज पर बांड भरना भी अनिवार्य किया गया है। इसमें अभ्यर्थियों को नियुक्ति की सभी शर्तें स्वीकार करने की सहमति देनी होगी। बांड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्कूल प्रमुख ज्वाइनिंग रिपोर्ट स्वीकार करेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
