एसडीएम ने जाचंा डीएवी और सरस्वती पैराडाइज स्कूल
ईसीसीई कार्यक्रम के तहत नन्हे बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का लिया जायजा
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा कार्यक्रम(ईसीसीई ) के तहत एसडीएम ग्रामीण शिमला कार्तिकेय शर्मा ने मंगलवार को अधिकारियों की टीम के साथ शिमला स्थित डीएवी स्कूल और सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल का निरीक्षण किया। एसडीएम ग्रामीण के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों स्कूलों में छोटे बच्चों के लिए उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इसमें कक्षाओं का आधारभूत ढांचा, बच्चों के अनुकूल फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, हाथ धोने की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार किट, स्वच्छता एवं सुरक्षा के इंतजाम शामिल रहे। इसके अतिरिक्त बच्चों के खेलने-कूदने के लिए उपलब्ध स्थान, खेल सामग्री, शिक्षण गतिविधियों तथा उनके लिए तैयार किए गए अनुकूल वातावरण का भी निरीक्षण किया गया। एसडीएम कार्तिक शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास की महत्वपूर्ण अवस्था होती है। इस आयु में बच्चों को केवल किताबी शिक्षा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें खेल, रचनात्मक गतिविधियों, आपसी संवाद और व्यवहारिक अनुभवों के माध्यम से सीखने के अवसर भी उपलब्ध करवाना जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि बच्चों की देखभाल, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से ही प्रारंभिक स्तर पर बच्चों को बेहतर वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाई जा सकती है। इस दौरान सीडीपीओ इंदु शर्मा, बीएम मशोबरा डॉ. राकेश गोयल, ग्रामीण विकास और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
