भारत-न्यूजीलैंड में दूसरा टेस्ट आज से, क्राइस्टचर्च में सुबह 3:30 बजे से मैच

By: Nov 27th, 2026 12:01 am

 मोर्कल बोले, कूकाबुरा का खौफ छोड़ो, हिम्मत दिखाओ

एजेंसियां— क्राइस्टचर्च

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट शुक्रवार तडक़े 3:30 बजे से खेला जाएगा। मैच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल स्टेडियम में होगा। टीम इंडिया यहां कभी टेस्ट नहीं जीत सकी है। मैच से पहले गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने कहा कि हेगले ओवल की पिच तेज गेंदबाजों को मदद करेगी। उन्होंने गुरनूर बराड़ की तारीफ करते हुए कहा कि यह पिच उनकी गेंदबाजी के लिए आइडल है। बरार इस मैच में डेब्यू कर सकते हैं। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था। यानी, भारत और न्यूजीलैंड दोनों के पास दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज जीतने का मौका है। भारत ने यहां आखिरी टेस्ट सीरीज 2009 में एमएस धोनी की कप्तानी में जीती थी। क्राइस्टचर्च में होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने अपने तेज गेंदबाजों को साफ संदेश दिया है कि कूकाबुरा गेंद से डरने की जरूरत नहीं, बल्कि विकेट लेने के लिए थोड़ा जोखिम उठाने की हिम्मत दिखानी होगी।

मोर्कल का मानना है कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में कूकाबुरा गेंद से गेंदबाजी करना भारतीय गेंदबाजों के लिए अलग चुनौती है। ऐसे में उन्हें अपनी लाइन और लेंथ में बदलाव करने के साथ आक्रामक रुख भी अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों को कुछ अतिरिक्त रन देने का जोखिम उठाकर भी सही जगह गेंद डालनी चाहिए, क्योंकि नई गेंद से विकेट निकालने का मौका बार-बार नहीं मिलता। मोहम्मद सिराज को बाहर रखने को लेकर मचे हंगामे पर मोर्कल ने संकेत दिया कि सीनियर पेसर को थोड़ा पीछे हटने, अपने प्रदर्शन का आकलन करने और उन क्षेत्रों पर काम करने की जरूरत है, जहां वे सुधार कर सकते हैं। मोर्कल ने कहा, सिराज अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।

क्राइस्टचर्च में सभी छह मैच हारे

भारतीय टीम ने क्राइस्टचर्च में अब तक छह मैच खेले हैं और सभी मुकाबले हारे हैं। यहां दो इंटरनेशनल स्टेडियम हैं। टीम इंडिया ने एएमआई स्टेडियम में पांच और हेगले ओवल में एक मैच गंवाया है। हेगले ओवल पर पिछला भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच 2020 में हुआ था। इसमें टीम इंडिया सात विकेट से हार गई थी।

हेगले ओवल की पिच में उछाल होगा

हेगले ओवल की पिच में उछाल होगा। यहां तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी। पिछले मुकाबले के शुरुआती सेशन में तेज गेंदबाजों ने बैटर्स को परेशान किया था। फिर पिच फ्लैट हो गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App