अमरीका में डेमोक्रेट्स की जीत से सेंसेक्स 2,000 अंक उछला, 8 महीने के उच्चतम स्तर पर

By: Nov 5th, 2026 6:21 pm

मुंबई। अमरीकी मध्यावधि चुनावों के परिणामों से उत्साहित निवेशकों की लिवाली से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त तेजी देखी गई और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स दो हजार अंक से ज्यादा उछलकर आठ महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स 1,609 अंक की बढ़त में खुला और अंत में 2,008.61 अंक (2.60 प्रतिशत) ऊपर 79,310.01 अंक पर बंद हुआ जो 05 मार्च के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 576 अंक यानी 2.40 फीसदी की बढ़त में 24,536.60 अंक पर पहुंच गया। यह इसका भी 10 अगस्त के बाद का उच्चतम स्तर है।

अमरीका में मध्यावधि चुनावों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को मिली जीत से निवेशकों में पश्चिम एशिया में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद बंधी है। इससे कच्चा तेल बुधवार को करीब 10 फीसदी टूट गया और आज लगभग सभी प्रमुख शेयर बाजारों में लिवाली देखी गई। घरेलू स्तर पर वृहत बाजार में भी सभी सूचकांक हरे निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.87 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.56 फीसदी चढ़ा। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी ऑटो 4.14 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। वित्तीय सेवा समूह का सूचकांक 3.99 प्रतिशत, रियल्टी का 3.52, सीमेंट का 3.36, बैंकिंग का 3.33, आईटी का 2.42, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद का 2.32 और फार्मा का एक प्रतिशत मजबूत हुआ। रसायन को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में तेजी रही।

एनएसई में जिन 3,723 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,547 के शेयरों में तेजी और 1,084 में गिरावट रही। अन्य 92 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 24 के शेयरों में लिवाली का जोर रहा। बजाज फाइनेंस का शेयर 7.77 प्रतिशत उछल गया। इंडिगो में 5.80 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 5.29, मारुति सुजुकी में 5.28, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 5.15, बजाज फिनसर्व में 4.66 और एशियन पेंट्स में 4.46 प्रतिशत की तेजी रही।

एक्सिस बैंक का शेयर 3.87 प्रतिशत, इटरनल का 3.84, अल्ट्राटेक सीमेंट का 3.55, इंफोसिस का 3.46 और और एचडीएफसी बैंक का 3.25 प्रतिशत ऊपर रहा। भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 2.88 फीसदी, सन फार्मा का 2.78, एलएंडटी का 2.69, टीसीएस का 2.38 और टेक महिंद्रा का 2.21 फीसदी की बढ़त में रहा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 1.92 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.84, टाइटन का 1.72, टाटा स्टील का 1.34 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 0.46 प्रतिशत मजबूत हुआ। एनटीपीसी का शेयर 1.65 प्रतिशत टूट गया। बीईएल, अडानी पोर्ट्स, आईटीसी और पावरग्रिड में भी गिरावट रही।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.79 प्रतिशत फिसल गया। हांगकांग का हैंस सेंग 3.67 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.10 प्रतिशत ऊपर रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.77 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.78 प्रतिशत ऊपर था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App