अमृतसर में नौ पिस्तौल, 1.313 किलो हेरोइन और 60 हजार रुपए की ड्रग मनी सहित सात गिरफ्तार

By: Nov 25th, 2026 5:53 pm

अमृतसर। पंजाब पुलिस ने अमृतसर में अवैध हथियारों और नशा तस्करी के चार अलग-अलग नेटवर्क का पर्दाफाश कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नौ अवैध पिस्तौल, 1.313 किलोग्राम हेरोइन, 13 कारतूस और 60 हजार रुपए की ड्रग मनी बरामद की है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर राज्य को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर पुलिस आयुक्तालय ने यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव चीचा निवासी रोशन लाल (42), गांव हेर निवासी मनजीत सिंह उर्फ बीटा (33), अटारी निवासी जसबीर सिंह उर्फ बॉबी (24) और गुरलाल सिंह (26), गवाल वाली निवासी शुभम भंडारी (32), राजासांसी निवासी गुरभेज सिंह उर्फ भेजा (33) तथा तरनतारन जिले के गांव नौशहरा ढाला निवासी पवनदीप सिंह उर्फ साहिल (18) के रूप में हुई है।

बरामद हथियारों में तीन 9 एमएम ग्लॉक, एक 9 एमएम पीएक्स5 स्टॉर्म, चार .30 बोर और एक .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इनके अलावा 13 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। डीजीपी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। ये हैंडलर आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने के लिए अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति की व्यवस्था करते थे। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और इसकी आगे तथा पीछे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस आयुक्त हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहली कार्रवाई में पुलिस ने विशेष सूचना के आधार पर रोशन लाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.313 किलोग्राम हेरोइन और 60 हजार रुपए की ड्रग मनी बरामद की। दूसरी कार्रवाई में थाना छेहरटा की पुलिस ने मनजीत सिंह उर्फ बीटा को एक अवैध पिस्तौल और छह कारतूस सहित गिरफ्तार किया। तीसरी कार्रवाई में जसबीर सिंह उर्फ बॉबी, गुरलाल सिंह और शुभम भंडारी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए।

चौथी कार्रवाई में थाना रणजीत एवेन्यू की पुलिस ने गुरभेज सिंह उर्फ भेजा और पवनदीप सिंह उर्फ साहिल को पांच पिस्तौल और दो कारतूस सहित गिरफ्तार किया। इस संबंध में चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें थाना छेहरटा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी संख्या 282 (12 नवंबर) तथा शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी संख्या 289 (16 नवंबर) और 291 (18 नवंबर) शामिल हैं। वहीं, थाना रणजीत एवेन्यू में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी संख्या 173 (20 नवंबर) दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App