सडक़ों पर फिसलन, गाडिय़ों के थमे पहिए
रोहतांग, कुंजम और बारालाचा दर्रे में बर्फबारी के चलते बीआरओ ने वाहनों की रोकी आवाजाही
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुल्लू
कुल्लू-मनाली सहित लाहुल-स्पीति की ऊंची पहाडिय़ों में लगातार हो रही बर्फबारी और खराब मौसम ने जनजीवन के साथ-साथ सडक़ यातायात को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। रोहतांग दर्रा, कुंजम पास और बारालाचा दर्रे में बर्फबारी के चलते सडक़ों पर फिसलन बढऩे का खतरा पैदा हो गया है। ऐसे में सीमा सडक़ संगठन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैदी बढ़ा दी है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इन दर्रों की ओर जाने वाले छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही पर एहतियातन रोक लगा दी गई है। जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। रोहतांग, कुंजम और बारालाचा दर्रे में बर्फ की सफेद चादर बिछने से सडक़ मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। तापमान में गिरावट के चलते सडक़ों पर बर्फ जमने से फिसलन की आशंका भी बढ़ गई है। ऐसे हालात में वाहन चालकों के लिए इन दर्रों से होकर गुजरना चुनौतीपूर्ण हो गया है। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए बीआरओ ने संवेदनशील सडक़ मार्गों पर सतर्कता बढ़ा दी है।
अनावश्यक यात्रा से बचने की दी सलाह
छोटे वाहनों के साथ भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है। बीआरओ की ओर से सडक़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौसम अनुकूल होने और मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यातायात बहाल करने का फैसला लिया जाएगा। वहीं, बर्फबारी के दीदार के लिए ऊंचाई वाले क्षेत्रों का रुख करने वाले पर्यटकों को भी निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जा रही है। खासकर पर्यटकों को बिना अनुमति और सडक़ की स्थिति की जानकारी लिए बर्फ से ढके मार्गों पर जाने से बचना चाहिए। फिलहाल ऊंचाई वाले दर्रों में मौसम की स्थिति को देखते हुए बीआरओ ने निगरानी बढ़ा दी है। बर्फबारी और फिसलन के खतरे के बीच सडक़ सुरक्षा को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं उठाया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
