प्रतियोगिताओं के जरिए छात्रों कर्मचारियों को किया जागरूक
चमेरा पावर स्टेशन में सतर्कता सप्ताह का समापन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
एनएचपीसी के चमेरा पावर स्टेशन-दो करियां में आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन हो गया। इस मौके पर चमेरा पावर स्टेशन-दो के परियोजना प्रमुख अजय श्रीवास ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस वर्ष यह अभियान भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के तहत मनाया गया। सप्ताह का शुभारंभ सभी कार्मिकों को सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी की शपथ दिलाकर किया गया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान संस्थान में विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यस्थल पर पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निबंध लेखन, वाद-विवाद और कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें कर्मचारियों ने प्रशासनिक सुधारों पर अपने विचार रखे।
इसके अलावा भावी नागरिकों में ईमानदारी के संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से स्थानीय बच्चों के लिए चित्रकला, वाद-विवाद और कविता पाठ प्रतियोगिताएं करवाई गईं। पावर स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में आउटरीच कार्यक्रमों और चर्चाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों को भी सतर्कता के महत्व से अवगत करवाया गया। मुख्यातिथि अजय श्रीवास ने अपने संबोधन में कहा कि सत्यनिष्ठा किसी भी संगठन की रीढ़ होती है। जब प्रत्येक कर्मचारी ईमानदारी से कार्य करेगा, तभी संस्थान और देश समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया। परियोजना सतर्कता अधिकारी बलविंद्र कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
