करियर के नए अवसरों से रू-ब-रू होंगे छात्र
चंबा कालेज में करियर प्लानिंग और व्यक्तित्व विकास पर कार्यशाला का शुभारंभ
नगर संवाददाता-चंबा
राजकीय महाविद्यालय चंबा के करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में निम्बस संस्थान चंडीगढ़ के सहयोग से दो दिवसीय करियर प्लानिंग एवं व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यशाला में निम्बस संस्थान चंडीगढ़ के फैकल्टी सदस्य जीवेश ने स्रोत व्यक्ति के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न करियर अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रशासनिक सेवाओं और रोजगार की संभावनाओं से परिचित करवाना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों में आवश्यक व्यावसायिक दक्षताओं और व्यक्तित्व विकास से जुड़े कौशलों को विकसित करना भी इसका लक्ष्य है। प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है।
विद्यार्थियों के लिए सही समय पर करियर का चयन, लक्ष्य निर्धारण, प्रभावशाली संचार कौशल और व्यक्तित्व विकास भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न करियर विकल्पों के प्रति जागरूक रहने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण और रोजगारोन्मुखी मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के प्रभारी प्रो. अविनाश, डॉ. चमन सिंह, प्रो. निशा, डॉ. शिल्पा, प्रो. संतोष, सेल की सदस्य डॉ. विदुषी शर्मा और डॉ. परनिता गुरदेल सहित विभिन्न विभागों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
