युवती आत्महत्या मामला में पुलिस को मिला सुसाइड नोट
संदिग्ध केस में हैंडराइटिंग की जांच करवाएगी पुलिस, आरोपित अध्यापिका से भी पूछताछ कर रही पुलिस
स्टाफ रिपोर्टर -धर्मशाला
जिला मुख्यालय धर्मशाला के सकोह के शिव मंदिर नाले के पास फंदा लगाकर जान देने वाली धर्मशाला महाविद्यालय की बीए अंतिम वर्ष की छात्रा का शनिवार को टांडा मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में पुलिस को एक कागज पर लिखा सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें छात्रा की ओर से अपना जीवन समाप्त करने की बात लिखे जाने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस इस नोट की सत्यता की जांच के लिए छात्रा की हैंडराइटिंग का मिलान करवाएगी। वहीं, छात्रा की माता की ओर से महाविद्यालय की एक अध्यापिका के कथित व्यवहार और 12 नवंबर को कॉलेज में सबके सामने बेटी की बेइज्जती किए जाने के लगाए गए आरोपों को लेकर भी पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस संबंधित अध्यापिका से पूछताछ कर रही है, और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
हालांकि मामले में ओर भी कई पहलू सामने आने की बातें सामने आ रही हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह पुलिस को सकोह के शिव मंदिर नाले के पास युवती के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी, जबकि फोरेंसिक लेब धर्मशाला नोर्थ जोन की टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए थे। मृतका की माता ने आरोप लगाया था कि कॉलेज में कथित तौर पर हुई बेइज्जती से उनकी बेटी मानसिक रूप से परेशान थी, और इसी के चलते उसने यह कदम उठाया। उधर, एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट की जांच करवाई जा रही है, और हैंडराइटिंग का मिलान भी किया जाएगा। छात्रा की माता की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में भी जांच और पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
