नशे के खिलाफ सुक्खू सरकार की नई पहल, धर्मशाला से शुरू होगा ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त’ अभियान
नरेन कुमार-धर्मशाला
प्रदेश में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ शुरू करने जा रही है। खेल नगरी धर्मशाला से इस अभियान का आगाज होगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 20 दिसंबर को धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में राज्यस्तरीय खेलों का शुभारंभ करेंगे।
खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने बुधवार को धर्मशाला में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से इसके लिए 22 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। खेलो इंडिया की तर्ज पर शुरू किए जा रहे इस अभियान के तहत छह खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन ब्लॉक, जिला और राज्यस्तर पर किया जाएगा। इसमें हजारों युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी सहित छह खेलों को शामिल किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। विजेताओं के लिए अलग-अलग नकद पुरस्कार भी निर्धारित किए जाएंगे। खेल मंत्री ने बताया कि राज्यस्तरीय शुभारंभ समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और कलाकारों की स्टार नाइट भी आयोजित होगी। आयोजन में प्रदेश के स्थानीय लोगों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। खिलाड़ियों के पंजीकरण के लिए विशेष वेबसाइट तैयार की जाएगी, जिसके माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।
पूरे अभियान को तीन से चार माह तक चलाने की योजना है। ओलंपिक की तर्ज पर खेल मशाल जलाने की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए लेजर शो और ड्रोन शो भी करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए खेलों को सशक्त माध्यम बनाया जा रहा है। अभियान को लेकर दीपावली के बाद अंतिम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
