नए जिलों पर तपा तपोवन…सियासत सुर्ख
कांगड़ा के तीन नेताओं के दावे अलग-अलग, आयोग की रिपोर्ट और सरकार के फैसले पर टिकी सभी की निगाहें
स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर कांगड़ा की सियासत गरमा गई है। पालमपुर को जिला बनाने की मांग के बीच कांग्रेस के तीन नेताओं के अलग-अलग बयानों से इस मुद्दे पर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने पालमपुर को प्रदेश में जिला बनने का सबसे मजबूत दावेदार बताया है, जबकि आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा ने जयसिंहपुर, पालमपुर, सुलह और बैजनाथ को मिलाकर नया जिला बनाने की पैरवी की है। वहीं, नगरोटा बगवां के विधायक एवं मंत्री आरएस बाली ने कांगड़ा जिले के विभाजन का विरोध किया है। आशीष बुटेल ने कहा कि सामाजिक, भौगोलिक और प्रशासनिक दृष्टि से पालमपुर जिला बनने का हकदार है।
आसपास के क्षेत्रों के लोग भी लंबे समय से इसकी मांग उठा रहे हैं। उन्होंने प्रशासनिक पुनर्गठन के लिए गठित आयोग के समक्ष पालमपुर का पक्ष मजबूती से रखने की बात कही। वहीं, यादवेंद्र गोमा ने कहा कि नए जिलों के गठन पर सरकार और कांग्रेस में कोई मतभेद नहीं हैं। फैसला जनभावनाओं और प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर होगा। आयोग की रिपोर्ट सकारात्मक रही तो वह चार विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर नया जिला बनाने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। दूसरी ओर आरएस बाली ने कांगड़ा के विभाजन को अनुचित बताते हुए कहा कि जिला लोगों की भावनाओं और पहचान से जुड़ा है। उनके अनुसार कांगड़ा को तोडऩे की बात करना भी सही नहीं है। उन्होंने विधायक दल की बैठक में नए जिले को लेकर हंगामे की खबरों को भी खारिज किया। तीनों नेताओं के बयानों से साफ है कि नए जिले के गठन को लेकर कांगड़ा में क्षेत्रीय मांगों और राजनीतिक विचारों के बीच अलग-अलग रुख सामने आ रहे हैं। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक पुनर्गठन के लिए गठित आयोग की रिपोर्ट और सरकार के फैसले पर टिकी हैं।
कांगड़ा के नेताओं के दावे…
फैसला जनभावनाओं और प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर होगा। जयसिंहपुर, पालमपुर, सुलह और बैजनाथ को मिलाकर नया जिला बनाने की मांग सीएम के सामने रखी जाएगी।
यादविंद्र गोमा, आयुष मंत्री
सामाजिक, भौगोलिक और प्रशासनिक दृष्टि से पालमपुर जिला बनने का हकदार है। आसपास के क्षेत्रों के लोग भी लंबे समय से इसकी मांग उठा रहे हैं। पालमपुर जिला बनना चाहिए
आशीष बुटेल, विधायक पालमपुर
जिला कांगड़ा का विभाजन बिलकुल अनुचित है। जिला लोगों की भावनाओं और पहचान से जुड़ा है। कांगड़ा को तोडऩे की बात करना भी सही नहीं है।
आरएस बाली, विधायक नगरोटा बगवां
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
