तकनीकी शिक्षा मंत्री ने इंदिरा गांधी की जयंती पर किया नमन

By: Nov 20th, 2026 12:56 am

स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, महान कार्यों पर डाला प्रकाश, भाजपा पर साधे कई निशाने, केंद्र पर विकास न करवाने का लगाया आरोप
निजी संवाददाता-घुमारवीं
प्रदेश में जब डबल इंजन की सरकार थी तो वह पूरी तरह से फेल रही। लेकिन अब जब प्रदेश में सिंगल इंजन की कांग्रेस सरकार है तो प्रदेश सरकार की ओर से आम जनता के हितों के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। वहीं, विपक्ष के कहने पर सरकार नहीं चलाएंगे बल्कि आम जनता के हितों के लिए जो बेहतर फैसले होंगे वह सरकार द्वारा लिए जाएंगे। यह बात गुरूवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के पडयालग में महिला कांग्रेस की ओर से महिला सम्मेलन में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कही। इस सम्मेलन में विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान इंदिरा अमर रहे के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर धर्माणी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए साहसिक फैसले लिए। उनके नेतृत्व में 14 बैंकों का राष्ट्रीयकरण, प्रिवी पर्स की समाप्तिए वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में विजय और बांग्लादेश का स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उदय ऐतिहासिक उपलब्धियां रहीं। इसके अलावा हरित क्रांति को बढ़ावा देने और पोखरण में देश का पहला परमाणु परीक्षण करवाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का राष्ट्र के प्रति समर्पण और दृढ़ नेतृत्व हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। राजेश धर्माणी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में महिलाओं की भूमिका अहम है। वहीं इस दौरान उनकी महानताओं पर प्रकाश डाला गया।

कांग्रेस ने महिलाओं का किया सम्मान
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर ने कहा कि यदि महिलाओं को शक्ति और अवसर प्रदान किए जाएं तो वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का लोहा मनवा सकती हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने दृढ़ नेतृत्व और साहसिक निर्णयों से पूरे विश्व का भूगोल बदल दिया था। पाकिस्तान से अलग बांग्लादेश के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने महिलाओं के त्यागए समर्पण और संघर्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि महिलाओं ने हमेशा समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने साबित किया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के बल पर महिलाएं देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचकर भी ऐतिहासिक फैसले ले सकती हैं। आज आवश्यकता है कि महिलाओं को राजनीति, प्रशासन, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में अधिक अवसर प्रदान किए। वहीं इस दौरान स्वर्गीय प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App