पन्नू के आरोप मनगढ़ंत-बेबुनियाद, अमरीकी कोर्ट के सम्मन पर भारत की दोटूक, कहा… पढ़ें पूरी खबर
अमरीकी मिडटर्म चुनावों को बताया आंतरिक मामला
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारतीय अधिकारियों के खिलाफ अमरीका की अदालत में मुकदमा दायर कराया है। इस मुकदमे में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल, रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल और कुछ अन्य भारतीय अधिकारियों के नाम शामिल हैं। भारत ने इस मामले को पूरी तरह बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण करार दिया है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को साफ कहा कि भारत अपने सीनियर अधिकारियों पर लगाए गए मनगढ़ंत आरोपों और ऐसे मुकदमों को खारिज करता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि हम अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर किए जा रहे मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण हमलों को खारिज करते हैं। साथ ही, इन गैरजरूरी मुकदमों को भी स्वीकार नहीं करते। दरअसल, अमरीकी विदेश मंत्रालय ने एक दीवानी मुकदमे में संघीय अदालत का सम्मन भारत सरकार को भेजा था। अमरीकी मध्यअवधि चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए रणधीर जायसवाल ने इसे अमरीका का आंतरिक मामला बताया।
इजरायल के साथ द्विपक्षीय संबंध
इजरायल में हुए चुनावों और वहां बनने वाली नई सरकार के संदर्भ में विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और इजरायल के बीच बहुआयामी और रणनीतिक संबंध बेहद मजबूत हैं। नई सरकार का गठन होने पर भारत उनके साथ वार्ता जारी रखेगा और इन संबंधों को और अधिक ऊंचाई पर ले जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
