डीए पर थैंक्स, एरियर न मिलने खफा

By: Nov 5th, 2026 12:55 am

पांवटा में पेंशनर्स ने एरियर भुगतान न होने पर जताई नाराजगी, मेडिकल भत्ता 400 से बढ़ाकर 1000 रुपए करने की उठाई मांग
कार्यालय संवाददाता -पांवटा साहिब
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन पांवटा साहिब इकाई की एक महत्त्वपूर्ण बैठक डा. विपन कालिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनभोगियों की लंबित मांगों और शहर की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जहां सरकार द्वारा पांच प्रतिशत महंगाई राहत जारी करने का स्वागत किया गया, वहीं पिछले एरियर का भुगतान न होने पर गहरा रोष प्रकट किया गया। बैठक का संचालन करते हुए महासचिव डा. टीपी सिंह ने बताया कि सरकार ने सात माह सात दिन का एरियर जारी किया है, जिसके लिए एसोसिएशन उनका धन्यवाद करती है। हालांकि कई सदस्यों को अभी तक यह राशि नहीं मिली है, जिसके लिए नाहन कोषागार अधिकारी से शेष भुगतान शीघ्र करने का अनुरोध किया गया है।

पेंशनभोगियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पांच प्रतिशत महंगाई राहत तो दी गई है, लेकिन इसका पिछला एरियर न देना निराशाजनक है। वर्तमान में एरियर की 168 किस्तें बकाया हैं, जो एक बड़ी राशि बनती है। इसके अलावा 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सदस्यों की मूल पेंशन में क्रमश: 5, 10 और 15 प्रतिशत की बढ़ौतरी भत्ते के बजाय मूल पेंशन के रूप में देने की मांग उठाई गई। साथ ही फिक्स मेडिकल अलाउंस को 400 रुपए से बढ़ाकर 1000 रुपए करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। एसोसिएशन ने कहा कि बद्रीपुर चौक पर शौचालय निर्माण की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई है। इसी तरह बांगरण चौक और विश्वकर्मा पर ट्रैफिक लाइट न लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

ये-ये रहे मौजूद
बैठक में डा. विपन कालिया, टीपी सिंह, पीसी शर्मा, एनडी सरीन, जितेंद्र दत्त, सुधा कालिया, प्रीतो देवी, आभा शर्मा, वीसी छिब्बर, बीएस नेगी, वीपी चौधरी, आरके अग्रवाल, साहब सिंह, एसएस पलियाल, यशपाल सिंह, जवाहर सिंह पाल, शांति स्वरूप गुप्ता, लखबीर सिंह और सुशील कुमार सहित अनेक सदस्य
उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App