बद्दी की हवा बनी जहर, दिल्ली के बराबर कैटेगरी में पहुंचा AQI; बीमारियों का बढ़ा खतरा
सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र में वायु गुणवत्ता चार दिन से लगातार खराब श्रेणी में, बढ़ता प्रदूषण चिंता का सबब
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बीबीएन
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में वायु प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बद्दी की आबोहवा लगातार चौथे दिन खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा गुरुवार शाम जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक बद्दी का वायु गुणवत्ता सूचकांक 231 दर्ज किया गया, जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का एक्यूआई 224 रहा। नवंबर माह के बीते 26 दिनों के आंकड़ों पर गौर करें तो बद्दी में आठ दिन एक्यूआई 200 के पार रहा हैए जबकि एक भी दिन वायु गुणवत्ता अच्छी अथवा संतोषजनक श्रेणी में दर्ज नहीं हुई है।
बद्दी में 21 नवंबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक 104 दर्ज किया गया था, जो 22 नवंबर को 170 और 23 नवंबर को 208 तक पहुंच गया। इसके बाद 24 नवंबर को एक्यूआई 278 दर्ज किया गया, जो कि इस माह का अब तक का सर्वाधिक स्तर है। हालांकि 25 नवंबर को एक्यूआई में गिरावट आई और यह 204 पर पहुंच गया, लेकिन गुरुवार को इसमें फिर 27 अंकों का इजाफा दर्ज किया गया। नवंबर में सबसे कम एक्यूआई 104 आठ और 21 नवंबर को दर्ज किया गया थौ। बद्दी में वायु प्रदूषण के आंकड़ों में सबसे चिंताजनक पहलू पीएम 2.5 के सूक्ष्म कणों का प्रमुख प्रदूषक बने रहना है। नवंबर के बीते 26 दिनों में 15 दिन पीएम 2.5, आठ दिन पीएम 10 और तीन दिन ओजोन प्रमुख प्रदूषक रहा है। जिन आठ दिनों में बद्दी की आबोहवा खराब श्रेणी में दर्ज की गईए, उन सभी दिनों में पीएम 2.5 ही प्रमुख प्रदूषक रहा है। 201 से 300 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब श्रेणी में आता है। पर्यावरण सरंक्षण संस्था हिम परिवेश के महासचिव बालकृष्ण शर्मा का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में वायु प्रदूषण की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर प्रदूषण नियंत्रण उपायों को और प्रभावी बनाने की जरूरत है।
आठ दिन खराब रही हवा
चार नवंबर को एक्यूआई 211, सात को 224, नौ नवंबर को 206, 13 को 245, 23 को 208, 24 को 278, 25 को 204 और 26 नवंबर को 231 दर्ज किया गया। शेष 18 दिनों में वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही।
सडक़ों से उड़ रही धूल
औद्योगिक क्षेत्र में एक तरफ पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन का निर्माण चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ खस्ताहाल सडक़ों से उड़ती धूल लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। फोरलेन निर्माण के दौरान खुदाई, सामग्री की ढुलाई, वाहनों की आवाजाही और औद्योगिक उत्सर्जन वायु प्रदूषण को बढ़ाने वाले संभावित कारक हैं। अरसे से बारिश न होने के चलते भी धूल से निजात नहीं मिल पा रही है। ऐसे में निर्माणाधीन मार्गों पर नियमित पानी का छिडक़ाव की जरूरत है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

