सरकार ने बुलाया संसद का विशेष सत्र, आखिर 30 नवंबर और 2 दिसंबर को क्यों जुटेंगे सांसद जानिए
30 नवंबर को लोकसभा, दो दिसंबर को राज्यसभा की बैठक, तीन तक चल सकती है कार्यवाही
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने आगामी 30 नवंबर से संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की बैठक फिर से बुलाने का फैसला किया है। केंद्र सरकार ने दोनों सदनों की एक-एक दिन की बैठक बुलाई है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर 2026 को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही तीन दिसंबर तक खत्म हो सकती है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को यह जानकारी दी। मंत्री के मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को बुलाई गई है। वहीं राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को बुलाई गई है। दोनों सदनों की बैठकें अलग-अलग तारीखों पर शुरू होंगी। दरअसल, यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब अटकलें लगाई जा रही हैं कि सरकार 2029 से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के मकसद से डिलिमिटेशन बिल को पास कराना चाहती है।
कांग्रेस ने सरकार के घेराव को आज बुलाई बैठक
संसद का सत्र बुलाने के तुरंत बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। आगामी सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति तैयार करने के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार शाम को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। 30 नवंबर से शुरू होने वाले इस सत्र में किन प्रमुख मुद्दों पर सरकार को घेरा जाए, इस पर चर्चा के लिए कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की एक अहम बैठक शाम 4:30 बजे नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी।
इन बिलों पर चर्चा की उम्मीद
किरेन रिजिजू ने साफ किया कि यह फैसला जरूरी सरकारी कामों को पूरा करने के लिए लिया गया है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि सत्र में किन-किन बिलों पर चर्चा होगी, लेकिन राजनीतिक गलियारों में महिला आरक्षण से जुड़े डिलिमिटेशन और संविधान संशोधन बिलों का नाम सबसे आगे आ रहा है। सरकार की तरफ से अभी तक आधिकारिक रूप से यह नहीं कहा गया है कि सत्र सिर्फ इसी मकसद से बुलाया जा रहा है, लेकिन अटकलों का बाजार गर्म है
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

