पूर्व भाजपा सरकार के फैसलों की खुलेगी पोल! सुक्खू सरकार जल्द लाएगी श्वेत पत्र, कमेटी गठित

By: Nov 16th, 2026 5:46 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो, धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आगाज से ठीक पहले तपोवन विधानसभा परिसर में आयोजित कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऐलान किया कि प्रदेश सरकार पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुई कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करने के लिए जल्द ही एक व्हाइट पेपर (श्वेत पत्र) लेकर आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के फैसलों की सच्चाई को तथ्यों के साथ जनता की अदालत में रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने मीडिया के समक्ष गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व भाजपा शासन के दौरान कस्टमाइज्ड पैकेज के नाम पर औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़-बद्दी में करीब 5,000 बीघा जमीन महज एक करोड़ रुपए में 99 साल की लीज पर दे दी गई, वह भी बिना किसी रजिस्ट्रेशन के। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कई अन्य संदिग्ध मामलों को इस व्हाइट पेपर में शामिल किया जा रहा है और जल्द ही इसकी पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। इस दस्तावेज को तैयार करने के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में आठ सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें हर्षवर्धन चौहान, राजेश धर्माणी और विक्रमादित्य सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

इससे पूर्व, विधायक दल की बैठक की शुरुआत में शोक प्रस्ताव पारित कर दिवंगत रामपुर के विधायक नंद लाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सभी विधायकों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। दिवंगत नेता को याद करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि उनका संपूर्ण राजनीतिक जीवन बेहद स्वच्छ, ईमानदार और सादगीपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और संगठन के प्रति उनके अमूल्य योगदान को कांग्रेस पार्टी और विधायक दल हमेशा याद रखेगा।

कांग्रेस एकजुट होकर लड़ेगी लड़ाई

बैठक के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक बिलोंगिंग का भी औपचारिक विमोचन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि उन्होंने इस पुस्तक की एक प्रति तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा को भी भेंट की है। पाटिल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट होकर अपनी लड़ाई लडऩे के लिए तैयार है और सभी नेताओं ने विजय हासिल करके लौटने का संकल्प लिया है। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी विस्तार से चर्चा की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App